रोजी हत्याकांड में नया मोड़, आरोपी बोला-मालिक ने करवाई हत्या (VIDEO)

5/23/2019 11:28:59 AM

यमुनानगर सतीश) : 1 सप्ताह बाद रोजी हत्याकांड में चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। दोपहर बाद रोजी हत्याकांड के आरोपी विलीट पासवान उर्फ राजेश को ए.सी.जे.एम. गगनदीप मित्तल की अदालत में पेश किया गया। जब वह अदालत से बाहर निकला तो उसने सी.आई.ए.-2 स्टाफ की मौजूदगी में कैमरे के सामने अपने मालिक राजेश सिक्का पर गंभीर आरोप जड़े। उसने कहा कि मालिक ने 50 हजार रुपए देने का लालच दिया था। उस पर दबाव बनाया गया था कि वह रोजी की हत्या कर दे। आरोपी के मुताबिक यह सारी योजना 16 मई घटना की एक रात पहले बुन ली गई थी। उसे कहा गया था कि इतना पैसा आता है पता नहीं यहां क्या हो रहा है। यहां कोई हिसाब किताब रखने वाला ही नहीं है।

 

नौकर के सामने मालिक ने यही परेशानी जाहिर की थी। उसने आरोपी से कहा था कि हत्या करेगा। उसने मना कर दिया। उस पर दबाव बनाया गया। आरोपी के मुताबिक उसे इतना तक कहा गया कि यदि तूं ऐसा नहीं करेगा तो मरेगा। उसे अपनी सुरक्षा का भय था। उससे कहा गया था कि इस साल तो उसके पिता की मौत हो गई है। अगले साल मार्च में जब वह शादी करेगा तो 50 हजार रुपए दे देगा। आरोपी के मुताबिक उसे इस काम के लिए कोई एडवांस नहीं दिया गया। तय योजना के मुताबिक ही उसने हत्या की और फोन किए। उसने कहा कि उसे मालिक ने कहा था कि यदि पुलिस पकड़ ले तो भरपेट खाना न देने की बात कहनी है और वह उसे छुड़वा भी लेगा। 

गिरफ्तारी के लिए कर रहे प्रयास :यादव
मामले को देख रहे सी.आई.ए.-2 के इंचार्ज इंस्पैक्टर श्री भगवान यादव ने बताया कि नौकर के मुताबिक हिसाब किताब को लेकर हत्या करवाई गई। उसे 50 हजार रुपए का लालच दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी राजेश सिक्का की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक इस मामले में राजेश के बेटे की कोई भूमिका नहीं है। हालांकि जांच जारी है। 

एस.पी. के सामने पेश हुए राजेश सिक्का
हत्याकांड गुरु अर्जुन नगर चौकी के एरिया में हुआ था। मामले को जगाधरी शहर पुलिस ने दर्ज किया था। सबसे पहले मामले की जांच सी.आई.ए.-2 को दी गई। गिरफ्तारी के दूसरे दिन भी नौकर ने कहा कि भरपेट खाना न देने के कारण मालकिन की हत्या की। 2 बार उसे रिमांड पर लिया गया। इधर, बुधवार को राजेश सिक्का एस.पी. कुलदीप सिंह यादव से मिले। उन्होंने कहा कि वह जांच अन्य एजैंसी से करवाना चाहते हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एस.पी. ने बताया कि अब जांच किसी अन्य एजैंसी से करवाएंगे। उधर, राजेश सिक्का खुद को बेकसूर बता रहे हैं। 

Isha