कै. अभिमन्यु का भूपेंद्र हुड्डा से राजनीतिक द्वेष है : मुलाना

7/20/2018 11:59:17 AM

चंडीगढ़(धरणी): कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता फूलचंद मुलाना ने वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु द्वारा रोहतक दंगे मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लेने पर कहा कि रोहतक में हुई आगजनी का मामला कोर्ट में चल रहा है जब तक कोर्ट में मामला चलता है तब तक किसी को भी एक-दूसरे का नाम नहीं लेना चाहिए। ऐसा कहना कोर्ट की अवमानना में आता है।

मुलाना ने कहा कि  कै. अभिमन्यु का भूपेंद्र हुड्डा से राजनीतिक द्वेष है। कई  बार वह पूर्व मुख्यमंत्री व उनके परिवार के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं व हार चुके हैं।  मुलाना ने अशोक तंवर को भी नसीहत देते हुए कहा कि वह प्रदेश कांग्रेस के प्रधान हैं, उनका बयान नाप तोल के ऐसा होना चाहिए जिससे पार्टी की मजबूती हो। पार्टी को कमजोर करने वाला बयान नहीं देना चाहिए।

मुलाना ने कांग्रेस के विधायकों द्वारा आलाकमान से मिल अशोक तंवर के बयानों के आधार पर शिकायत करने पर कहा कि जो विधायक होते हैं उनका फर्ज होता है कि वे पार्टी के हित में हर बात हाईकमान के नोटिस में लाते रहें। जो पार्टी के पदाधिकारी होते हैं उनकी अपनी जिम्मेदारी होती है कि वे पार्टी को मजबूत करें। मुलाना ने कहा कि  भूपेंद्र सिंह हुड्डा का इस आगजनी मामले में कोई हाथ नहीं है। उनको तो इस दौरान रोहतक शहर में आने तक नहीं दिया था। आज भूपेंद्र हुड्डा के नाम से पूरी भाजपा और कै. अभिमन्यु घबराए हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम कांग्रेस वर्किंग कमेटी में न आने पर कहा कि  सभी लोगों का नाम कांग्रेस वर्किंग कमेटी में नहीं आ सकता। 

जहां तक भूपेंद्र हुड्डा का सवाल है उनका अपना व्यक्तित्व है। उसको नाकारा नहीं जा सकता। कोई भी राजनीतिक दल हो उसे लोगों के समर्थन की जरूरत होती है। मुलाना ने कहा कि  कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। वर्चस्व की लड़ाई होती है और हर नेता चाहता है कि वे आगे रहें, सभी नेता चाहे वह अशोक तंवर हो या भूपेंद्र सिंह हुड्डा पार्टी हित का काम कर रहे हैं। पार्टी के खिलाफ कोई नहीं चल रहा है। आगामी चुनवों में  मुकाबला भाजपा से होगा और कांग्रेस चुनाव जीतेगी। आज ऐसा माहौल बना हुआ है कि आने वाला वक्त कांग्रेस का है।

Rakhi Yadav