शहर की सरकार बने 3 माह बाद भी विकास कार्य शून्य

3/26/2019 12:32:10 PM

यमुनानगर (त्यागी): शहर की सरकार बने 3 माह बीत चुके हैं लेकिन नई बनी सरकार ने शहर के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। हालांंकि नई सरकार ने जीतने व शपथ लेने के बाद दावा किया था कि 30 दिन के भीतर शहर के हालात बदलेंगे और निगम से भ्रष्टाचार भी कम होगा। अभी तक विकास कार्यों को लेकर कोई बैठक भी नहीं हुई। ऐसे में शहरवासियों का कहना है कि शहर की नई सरकार से उन्हें जो उम्मीदें थी वे पूरी होती दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि भविष्य में क्या होगा इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता लेकिन इतना तय है कि फिलहाल तो सभी सरकार लोकसभा के चुनाव में व्यस्त दिखाई दे रही है और हो सकता है कि इसके बाद विधानसभा चुनाव में व्यस्त हो। 

सफाई व्यवस्था भी चरमराई
साफ सफाई की व्यवस्था को लेकर 2019 के सर्वे से पहले तो कुछ साफ सफाई व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा था लेकिन सर्वे खत्म होने के बाद सफाई व्यवस्था एक बार फिर चरमराई दिखाई देती है। शहर के विभिन्न हिस्सों में गंदगी के ढेर लगे हंै। कुछ लोगों का कहना है कि नगर निगम की गाडिय़ां सवेरे कूड़ा-कर्कट लेने आती है लेकिन लंबे समय से उनमें एक ही गीत चल रहा है कि सफाई के लिए सर्वे शुरू होने वाला है। इसलिए सफाई पर ध्यान दें। अब जबकि सर्वे भी खत्म हो चुका है अब भी यही गीत गाया जा रहा है और ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा है। नालियों आदि की सफाई की ओर कोई ध्यान नहीं है। 

बदहाल है औद्योगिक क्षेत्र
औद्योगिक क्षेत्र का हाल सबसे अधिक बुरा है। औद्योगिक क्षेत्र की कोई भी ऐसी सड़क नहीं जिस पर कई-कई फुट के गड्ढे न हों और इन गड्ढों में पानी जमा है जिसकी निकासी का भी कोई इंतजाम नहीं है। इस क्षेत्र में सब्जी मंडी, अनाज मंडी व गुड़ मंडी होने के कारण और भी अधिक बुरा हाल है। 

अतिक्रमण ने किया चलना मुश्किल 
नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण का बुरा हाल है। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण उनका तो शहर में चलना भी मुश्किल हो गया है। यदि नगर निगम इस और ध्यान दे तो वे कम से कम बाजार में चल तो सके। बाजार में वाहन लेकर तो अब चला ही नहीं जाता।

पार्किंग की भी नहीं है कोई व्यवस्था 
शहर में कोई भी पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते लोग इधर-उधर कहीं भी वाहन खड़ा करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि आखिर वे अपने वाहन कहां खड़े करें। दूसरी समस्या यह भी है कि जब इधर उधर वाहन खड़े किए जाते हैं तो उनके चालान भी कटते हंै जिससे लोगों का गुस्सा भी बढ़ता है। नगर निगम के पास कोई ऐसी योजना नहीं है, जिससे लगता हो कि निकट भविष्य में भी शहर वासियों को कोई पार्किंग मिलेगी। 

बढ़ता जा रहा स्लम एरिया 
नगर निगम क्षेत्र में लगातार स्लम एरिया बढ़ता जा रहा है। जहां देखों वहीं झुग्गी-झोंपड़ी वालों का साम्राज्य है। अस्थायी रूप से झुग्गी-झोंपड़ी लगाकर स्थायी रूप से लगाने में भी देर नहीं लगाते। शहर के बहुत से ऐसे क्षेत्र हंै जहां स्लम एरिया बढ़ता जा रहा है और नगर निगम का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। कई बार हालांकि नगर निगम ने इस प्रकार के लोगों से हुडा व अन्य की जमीन छुड़वाई भी है लेकिन एक बार छुड़वाने के बाद तुरंत फिर वही काम शुरू हो जाता है। 
 

kamal