MS मलिक बोले थानों को संभाल नहीं पाई सरकार

10/2/2015 4:51:02 PM

यमुनानगर (सुमित अॉबरोय): बिजली के बढ़ते दामों को लेकर इनेलो नेता एमएस मलिक का कहना है कि 5 अक्तूबर को सभी जिला मुख्यालयों पर इनेलो धरना देगी।
यमुनानगर पहुंचे हरियाणा पुलिस के पूर्व मुखिया एमएस मलिक ने बताया कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था नहीं है। क्राइम 100 प्रतिशत से भी अधिक पहुंच चुका है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 21 जिलों में महिला थाने खोलकर एक अच्छा काम किया था, लेकिन वह इसे सभाल नहीं सके। इन थानों को संभालने के लिए सक्षम प्रशासन और कुशल सरकार चाहिए। प्रदेश में दो आईपीएस अधिकारियों के बीच चल रही लड़ाई के बारे में पूर्व डीजीपी ने कहा कि इससे पहले भी हरियाणा के पंचकूला में दो अधिकारी आपस में लड़ चुके हैं। हरियाणा में सरकार की प्रशासन पर बहुत कम पकड़ है। आज अधिकारियों में ही अनुशासनहीनता है। सरकार को इस पर अंकुश लगाना चाहिए। जब बड़े अधिकारी ही आपस में लड़ेंगे तो सिपाही कैसे अनुशासन में रहेंगे।

मलिक ने कहा कि सरकार ने 43 प्रतिशत बिजली के दाम बढ़ाकर जनता के साथ धोखा किया है। इनेलो द्वारा पांच अक्तूबर को इसके खिलाफ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा। धरने के बाद सभी जिलों के डीसी को इस बारे में ज्ञापन भी दिया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि इस बार एक नवंबर को चौधरी देवीलाल का जन्म दिवस रोहतक में मनाया जाएगा। इस दौरान रोहतक में एक रैली की जाएगी। मलिक के अनुसार वैसे तो देवीलाल का जन्मदिन 25 सितंबर को होता है, लेकिन हरियाणा के निमार्ण में उनके द्वारा निभाई गई अहम भूमिका के कारण ही हरियाणा दिवस पर उनका जन्म दिवस मनाया जाएगा।

मलिक ने बताया कि इनेलो द्वारा पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली की जानी थी, लेकिन वहां पर कांग्रेस ने अपनी रैली के लिए पहले से ही आवेदन दिया हुआ था, जिस कारण उन्हें वहां रैली करने की अनुमति नहीं मिली।