गंडासी व लाठियों से हमला, 8 नामजद

1/15/2019 2:40:40 PM

यमुनानगर(ब्यूरो): गांव दुधला में जमीनी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक परिवार के सदस्यों पर गंडासी व लाठियों से हमला कर दिया। हमले में परिवार के 3 सदस्य घायल हो गए। घायलों में से एक युवक की गंभीर हालत होने पर उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 5 युवकों को नामजद करते हुए 3 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। गांव दुधला निवासी असजाद अली ने सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका मुर्सलीन व सकील के साथ जमीनी विवाद है।

इस विवाद के चलते उन्होंने उन पर पहले भी हमला किया था मगर उस समय अन्य लोगों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया। असजाद अली ने बताया कि 13 जनवरी को शाम 4 बजे वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ बाड़े में था। इस दौरान मुर्सलीन व सकील ने अपने साथियों आरीफ, सोहिल, अफसरून व 3 अन्य के साथ मिलकर उस पर तथा उसके परिवार के सदस्यों पर गंडासी व लाठियों से हमला कर दिया। 

हमले में उसके ताऊ का लड़का फुरकान व इमरान घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मारपीट की आवाज सुनकर उन्हें उनसे छुड़वाया और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने फुरकान को पी.जी.आई. रैफर कर दिया। उधर, मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. सतीश कुमार का कहना है कि नामजद की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार लिया जाएगा। 
 

Deepak Paul