बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सिंह सोलंकी पहुंचे यमुनानगर, कई कार्यक्रमों में की शिरकत

2/3/2021 4:34:20 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : श्री राम मंदिर निर्माण को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सिंह सोलंकी मंदिर निर्माण में लोगों को जागरूक करने व उनका सहयोग लेने के लिए पूरे देश के दौरे पर हैं। हरियाणा के यमुनानगर में उन्होंने कई कार्यक्रम में शिरकत की।


यमुनानगर में ग्रीन पार्क में आयोजित समारोह में पहुंचे बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सिंह सोलंकी ने कहा कि आज पूरे विश्व में उत्साह का माहौल है। श्री राम मंदिर निर्माण का रास्ता 492 वर्ष लंबी लड़ाई के बाद, कई बलिदानों के बाद साफ हुआ है। उन्होंने बताया कि 77 बार हमारे पूर्वजों ने इसके लिए युद्ध किए। हमारी वर्तमान पीढ़ी भाग्यशाली है जिसके समय में यह मंदिर निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि 44 दिनों में पूरे देश के साढ़े 5 लाख गांव में प्रत्येक घर में कार्यकर्ता जाकर मंदिर निर्माण के लिए सहयोग की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक व्यक्ति को लगे कि मंदिर निर्माण में एक गिलहरी की भांति उन्होंने भी योगदान दिया है।


बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सिंह सोलंकी ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि हमारी युवा पीढ़ी को पूर्वजों के बलिदानों के बारे में नहीं बताया गया। हमें अभी तक गुलामी का इतिहास पढ़ाया गया। लेकिन अब आने वाली पीढ़ी को देश के लिए बलिदान देने वालों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि देश के सभी नागरिक बिना किसी जात-पात के भेदभाव के मंदिर निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं। और आने वाला समय विश्व शक्ति, विश्व गुरु के रूप में भारत बने इसके लिए प्रयास जारी है।

उन्होंने कहा कि यह देश के प्रत्येक नागरिक के लिए हर्ष का विषय है कि 26 जनवरी की परेड में पहली बार उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से श्री राम मंदिर निर्माण की झांकी निकाली गई। जिसमें भगवान बाल्मीकि रामायण लिख रहे हैं। ऐसा गौरवमई समय देश के लोगों को पहली बार देखने को मिला। बजरंग दल श्री राम मंदिर निर्माण को लेकर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं इसी तरह के कार्यक्रमों में पूरे देश में शिरकत कर रहे हैं। बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सिंह सोलंकी इसी कड़ी में वह यमुनानगर में आए और कार्यक्रमों में भाग लिया।

Manisha rana