बरसात के दौरान बचाव को लेकर तैयार है जिला प्रशासन : अरोड़ा

7/14/2018 12:24:15 PM

यमुनानगर(ब्यूरो): बरसात के मौसम के दौरान जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद है और प्रशासन द्वारा हर प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं ताकि वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी क्षेत्र में संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से सही ढंग से निपटा जा सके। उपायुक्त गिरीश अरोड़ा ने बताया कि प्रशासन द्वारा बरसात के मौसम में जिला के उतरी क्षेत्र एवं पहाड़ी कैंचमैंट एरिया में अचानक अधिक वर्षा होने के कारण जिला में सम्भावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी हैं व जिला में सम्भावित बाढ़ जैसी स्थिति पर दिन-रात नजर रखने के लिए जिला सचिवालय में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।

इस बाढ़ नियंत्रण कक्ष में लगे टैलीफोन नम्बर 01732-237801 पर किसी भी समय सम्भावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के बारे में सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में स्वयं या अपने परिवार के सदस्यों को विशेषकर बच्चों को नदियों, नहरों, नालों व तालाबों की ओर न जाने दें। 

उन्होंने बताया कि कार्यकारी अभियंता जल सेवाएं मंडल जगाधरी के कार्यालय जो कि नहर कालोनी में स्थित है, में भी बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका टैलीफोन नम्बर 01732-237837 है। उन्होंने बताया कि सब-डिवीजन कार्यालय रादौर में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्ष के इंचार्ज एस.डी.एम. कार्यालय के अधीक्षक को बनाया गया है व इस बाढ़ नियंत्रण कक्ष का टैलीफोन नम्बर 01732-283412 है। 

सब-डिवीजन कार्यालय बिलासपुर में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्ष के इंचार्ज एस.डी.एम. कार्यालय के अधीक्षक को बनाया गया हैं और इस बाढ़ नियंत्रण कक्ष का टैलीफोन नम्बर 01735-274890 है। छछरौली के तहसील कार्यालय में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 01735-277339 है और इस बाढ़ नियंत्रण कक्ष के इंचार्ज छछरौली के तहसीलदार हैं। जगाधरी में सब-डिवीजन स्तर का बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाया गया है जिसके इंचार्ज एस.डी.एम. कार्यालय के अधीक्षक है और इस बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 01732-237805 है।

Deepak Paul