मोबाइल संदेश के जरिए 3 रुपए में बुक कर सकेंगे रेल टिकट

10/21/2016 3:29:14 PM

यमुनानगर (सतीश): रेल टिकट बुक करवाने के लिए अब आपको स्टेशन जाने की जरूरत नहीं है। न ही इंटरनेट के प्रयोग की आवश्यकता है। विभाग ने अपनी सेवा को बेहतर करने के लिए एक और नई सुविधा इजाद की है। इसके जरिए आपको सिर्फ मोबाइल से संदेश भेजना है और टिकट बुक हो जाएगी। घर बैठे ही आप इस सेवा का लाभ ले सकते हैं। इसका खर्च भी मात्र 3 रुपए है। एक समय में 6 यात्रियों की टिकट बुक करवाई जा सकती है। यमुनानगर-जगाधरी आरक्षण केंद्र पर प्रतिदिन 325 से अधिक टिकट आरक्षित होती हैं।  

 

बस थोड़ा इंतजार और
रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि यह सुविधा रेलवे की पूछताछ 139 पर उपलब्ध होगी। इसके लिए बस थोड़ा-सा इंतजार करना होगा। रेलवे के जो भी नए नियम बनते हैं वह सैंटर फार रेलवे इंफर्मैशन सिस्टम (क्रिस) में अपडेट होते हैं। यहां से सुविधा बैंक, मोबाइल कम्पनी व पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पी.आर.एस.) से जोड़ दिए जाएंगे। इसके बाद आमजन को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। पूरे देश में 4 पी.आर.एस. हैं जो कि दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता व चेन्नई में पड़ते हैं। यहां सुविधा अपलोड होने पर सभी छोटे-बड़े आरक्षण केंद्र पर इसका लाभ मिलने लगेगा। 

 

ऐसे कर पाएंगे टिकट बुक
मोबाइल से टिकट बुक करने के लिए 139 पर संदेश भेजना होगा। इस संदेश में 6 यात्रियों की पूरी जानकारी फीड करनी होगी। जैसे ही संदेश 139 पर जाएगा, वहां से एक संदेश वापस उसी मोबाइल पर आएगा जिसमें ट्रांजैक्शन आई.डी., टिकट राशि व सीट का जिक्र होगा। भुगतान के लिए आपको इमिजिएट पेमैंट सर्विस (आई.एम.पी.एस.) विकल्प चुनना होगा। यह सेवा सभी बैंकों में उपलब्ध है। 

 

ऐसे ले सकते हैं आई.एम.पी.एस. का लाभ 
नैट बैंकिंग में यह सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा आप मोबाइल से एप डाऊन लोड कर सकते हैं। इसमें आपको मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करना होगा और यह एप आपके खाते से लिंक होगा। एक समय में आप 50 हजार रुपए तक का प्रयोग कर सकते हैं। यह सुविधा किसी भी समय किसी भी बैंक में ली या दी जा सकती है। 

 

जागरूक किया जाए : सिंह
दैनिक यात्री संघ के संरक्षक हरप्रीत सिंह का कहना है कि सुविधा तो अच्छी है। आज हर व्यक्ति के पास मोबाइल है। निश्चित ही इसका फायदा मिलेगा लेकिन जरूरी है कि इस दिशा में जागरूक करने की। अभी तक यह नहीं पता कि वेटिंग में टिकट बुक होगी या नहीं। रद्द करवाने की स्थिति में रिफंड कैसे आएगा।