महिला के गले से झपटी सोने की चेन

5/1/2017 4:37:59 PM

यमुनानगर:सरोजिनी कालोनी में बाइक सवार 2 युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नगर कालोनी निवासी राजकुमारी ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गत सुबह साढ़े 11 बजे सरोजनी कालोनी में किसी काम से आई थी। जब वह कालोनी में स्थित स्कूल के नजदीक खड़ी थी तो पीछे से बाइक पर सवार होकर 2 युवक आए। आरोपियों ने आते ही उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर आस-पास के लोगों ने आरोपी युवकों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोपी युवक भागने में कामयाब हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।