नहर में कूदकर विवाहिता ने दी जान, पति व भाभी नामजद

12/8/2018 12:22:17 PM

यमुनानगर(ब्यूरो): जठलाना के नजदीक नहर में कूदकर विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। मृतक महिला के परिजनों ने उसके पति व जेठानी पर गंभीर आरोप लगाए। जठलाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के पति व जेठानी के खिलाफ हत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी।

उत्तरप्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव बहरमी निवासी राजेश ने बताया कि उसकी बहन 24 वर्षीय पूनम की शादी 3 साल पहले बहादरपुर निवासी राजिंद्र कुमार के साथ हुई थी। कुछ समय तो परिवार ठीक चलता रहा लेकिन उसके पति राजिंद्र का परिवार की एक महिला के साथ प्रेम-प्रसंग था। उसकी बहन ने इसका विरोध किया था, उसके साथ पति राजिंद्र मारपीट करता था। कई बार पंचायत भी हुई लेकिन हर बार फैसला हो जाता था। वीरवार को सुबह भी उसके पति ने पूनम के साथ मारपीट की। उसके बाद उसकी बहन ने नहर में छलांग लगा ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंची और दिनभर गोताखोरों की मदद से नहर में पूनम को तलाश करते रहे। रात को उसका शव ठसका पुल से बरामद हुई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भाई राजेश ने बताया कि कई बार उसकी बहन ने उन्हें भी राजिंद्र के अवैध संबंधों के बारे में बताया। उन्होंने खुद उन्हें समझाया लेकिन वह नहीं माने। वीरवार को भी इस बात को लेकर घर में झगड़ा हुआ। उसके पति व भाभी ने मारपीट की और उसे हत्या को लिए उकसाया। मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। मृतका के परिजनों को इस बारे सूचना भी नहीं दी गई। किसी अन्य व्यक्ति ने फ ोन कर पूनम के घर से निकाल देने बारे सूचना दी। जब वह बहादरपुर पहुंचे तो पूरी बात पता चली। उसके बाद वह पूरा दिन उसे ढूंढते रहे।

मामला दर्ज कर लिया गया है : पृथ्वी सिंह जठलाना थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि मृतका पूनम के भाई राजेश के बयान पर पति राजिंद्र व भाभी किरण के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।

Deepak Paul