बस सर्विस न बढ़ाए जाने पर यात्रियों में रोडवेज के खिलाफ रोष

8/15/2019 1:50:14 PM

यमुनानगर (नेहा): बुधवार सुबह करीब 10 बजे से ही यमुनानगर बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी, उचित बस सॢवस न होने पर यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गुरुवार को रक्षा बंधन का त्यौहार होने की वजह से बस स्टैंड पर महिला यात्रियों व बच्चों की भीड़ ज्यादा दिखाई दी। बसों के लिए यात्री इधर से उधर भटकते नजर आए। कुछ जगहों जैसे दिल्ली व सहारनपुर जाने के लिए यात्रियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा।

यात्री बोले रक्षाबंधन पर वैसे तो प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए बसों में यात्रा को फ्री कर दिया गया लेकिन बसों की सॢवस नहीं बढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि सरकार को मालूम है कि रक्षाबंधन त्यौहार पर बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। सब कुछ जानते हुए भी रोडवेज विभाग यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पहले से ही पुख्ता इंतजाम करके नहीं रखता है जिसकी खमियाजा हर बार यात्रियों को ही भुगतना पड़ता है। 

प्राइवेट बस वालों ने लिया किराया 
प्रदेश सरकार की ओर से जारी किए गए निर्देशों की प्राइवेट बस संचालकों ने जम कर धज्जियां उड़ाईं। प्रदेश सरकार की ओर से प्रदेशभर में सभी बसों में रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं व उनके साथ सफर कर रहे 15 साल से कम उम्र तक के बच्चों का किराया माफ किया गया, यह सुविधा बुधवार को दोपहर 12 बजे से मिलनी शुरू हो गई थी लेकिन प्राइवेट बस चालक व परिचालक अपनी मनमर्जी कर महिला यात्रियों से भी किराया वसूल करते रहे। यमुनानगर बस स्टैंड पर कुरुक्षेत्र की बस के लिए इंतजार कर रही चम्पा देवी ने बताया कि वे भेड़थल से यमुनानगर तक प्राइवेट बस में सफर कर अपने पति के साथ आई है। उसने बताया कि  बुजुर्ग महिला यात्री होने के नाते न तो प्राइवेट बस के परिचालक आधी टिकट की सुविधा देते हैं और न ही आज राखी पर नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दे रहे हैं। जब इस बारे में पंजाब केसरी रिपोर्टर ने प्राइवेट बस परिचालक से बात की तो उन्होंने कहा कि उन्हें उनके मालिक की ओर से किराया माफ करने बारे कोई निर्देश नहीं मिले हैं। जैसे ही निर्देश मिलेंगे वे भी उसकी पालना करेंगे।

गर्मी में बस की इंतजार कर रहा यात्री चक्कर खा कर गिरा
सहारनपुर की बस के लिए इंतजार कर रहा यात्री तेज धूप में गर्मी के चलते चक्कर खाकर गिर गया। उस व्यक्ति की पत्नी राम रतिया ने बताया कि उन्हें बसों की किल्लत की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वे शाहबाद के पास किसी गांव की रहने वाली है, उन्हें सहारनपुर जाना है। वे किसी तरह से शाहबाद से यमुनानगर तक आए हैं। उन्हें उम्मीद थी कि यहां से सहारनपुर के लिए आसानी से बस मिल जाएगी लेकिन यहां भी खड़े हुए उन्हें 3 से 4 घंटे हो गए हैं लेकिन उन्हें बस नहीं मिली है। एक आध बस आई भी है तो उसके खड़े होने से पहले ही भीड़ भर गई थी। इसके अलावा कहीं ओर से कोई बस आई भी है तो वे पहले से ही भरी हुई आई थी। जिस वजह से वे बस में नहीं चढ़ पाए थे। 

सभी बसों को किया ऑन  रूट, हर रूट पर बढ़ाए गए हैं फेरे : जी.एम.
जब इस बारे में रोडवेज महाप्रबंधक सोनू राम से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी बसें ऑन रूट हैं, सभी कर्मचारियों की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है। जिस रूट पर भी फे रे बढ़ाने की जरूरत लग रही है उस रूट पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जा रहे हैं।

Isha