रेप का केस दर्ज करवाकर मांगे 5 लाख, युवती गिरफ्तार

11/29/2017 2:37:30 PM

यमुनानगर:उत्तर प्रदेश की एक युवती ने पहले तो 3 युवकों पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया। अब उनसे समझौता करने की एवज में 5 लाख रुपए मांग रही थी। इसमें से 1 लाख रुपए एडवांस लेते हुए युवती को जिला पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के जिला शामली की युवती ने महिला थाने में शामली के गांव गगौर निवासी पंकज जिला बागपत के गांव हलालपुर निवासी संजीव व बागपत के गांव सिरसोली निवासी आर्यन पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था।

लेकिन अब केस वापस लेने की एवज में युवती युवकों से 5 लाख रुपए मांग रही थी। युवकों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती को पकडऩे की योजना बनाई। 5 लाख में से 1 लाख रुपए देने के लिए युवक फर्कपुर एरिया में युवती से मिले। युवती ने जैसे ही रुपए लिए पुलिस ने उसे पकड़ा लिया। टीम में थाना शहर यमुनानगर एस.एच.ओ., डॉ. सुनील व महिला थाना की एस.एच.ओ. कुलबीर कौर थी। देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी।

यह था मामला 
युवती ने आरोप लगाया था कि वो डी.ए.वी.गर्ल्स कालेज यमुनानगर में पढ़ती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पंकज से हुई थी। पंकज ने उसे बताया था कि वो रेलवे पुलिस में कार्यरत है और रेलवे कालोनी यमुनानगर में रहता है। पंकज ने उससे कहा था कि वो हॉस्टल में न रहे क्योंकि वहां पर खर्च ज्यादा आता है। वो उसके लिए कहीं बाहर कमरा देख देगा। वह उसकी बातों में आ गई। 24 अगस्त को पंकज उसे अपने साथ रेलवे कालोनी में ले गया। वहां पर पहले से ही उसका साथी जिला बागपत के गांव हलालपुर निवासी संजीव व बागपत के गांव सिरसोली निवासी आर्यन भी मौजूद था। युवती ने आरोप लगाया कि वहां पर पंकज ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।