श्री कटासराज तीर्थ यात्रा को हरी झंडी,  जल्द सौंपी जाएंगी पाकिस्तान कमीशन को सूची

11/3/2017 4:09:02 PM

यमुनानगर(त्यागी): पाकिस्तान हाई कमीशन द्वारा श्री कटासराज तीर्थ के लिए भारतीय जत्थे को अनुमति प्रदान कर दी गई, जिसके बाद से केंद्रीय सनातन धर्म सभा उत्तरी भारत ने यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभा के अध्यक्ष व यात्रा के संयोजक शिव प्रताप बजाज ने बताया कि जल्द ही विदेश मंत्रालय भारत सरकार तथा पाकिस्तान हाई कमीशन को यात्रा वीजा के लिए जानकारी भेज दी जाएगी, इसके लिए यात्रियों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान स्थित हिंदुओं के महाभारत कालीन ऐतिहासिक तीर्थ श्री कटासराज धाम की प्रस्तावित यात्रा 1 से 7 दिसम्बर तक होगी।

इंडो-पाक प्रोटोकाल 1974 के अनुसार देशभर से केवल 200 हिंदु तीर्थ यात्रियों को ही श्री कटासराज तीर्थ यात्रा की अनुमति प्रदान की जा सकती है। तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़वाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बजाज ने बताया कि तीर्थ यात्रा 1 दिसम्बर को अमृतसर बाघा बार्डर से रवाना होगी। श्री कटासराज धाम स्थित श्री अमर कुंड में तीर्थ यात्री पूर्णमासी पवित्र स्नान करेंगे और अन्य धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन होंगे। लाहौर में श्री कृष्ण मंदिर एवं महाराज लव जी की समाधि पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिनमें भारतीय तीर्थ यात्री सम्मिलित होंगे। 

बजाज ने बताया कि इस बार विश्व प्रसिद्ध खियूड़ा, साल्ट माईन्स का भ्रमण भीकार्यक्रम शामिल किया गया है। सभा के कार्यकारी अध्यक्ष सागर बजाज तथा यात्रा के संगठन मंत्री रोशन लाल एवं त्रिलोक चंद ने बताया कि तीर्थ यात्रियों की सूची को तैयार करने का कार्य शुरू हो गया है और जल्द ही इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय व पाकिस्तान हाई कमीशन को दे दी जाएगी।