मोहल्ले में बदबू फैली तो खुलवाया दरवाजा, फंदे पर लटका मिला युवक

8/18/2017 2:33:48 PM

यमुनानगर:मुखर्जी पार्क जगाधरी में मंदिर के नजदीक एक घर में 22 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस के मुताबिक फंदा करीब 4 दिन पहले लगाया। थाना शहर जगाधरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि 10 साल पहले मृतक शिव सैनी के माता-पिता व 3 साल पहले बड़े भाई का शव भी फंदे पर लटका मिला था। मुखर्जी पार्क निवासी शिव कुमार सैनी अपने घर में अकेला रहता था। 3-4 दिन से वह किसी को दिखाई नहीं दिया था। घर का दरवाजा भी बंद था। बृहस्पतिवार को कालोनी में काफी बदबू आ रही थी जिससे लोगों का गली से निकलना भी मुश्किल हो रहा था। पहले लोगों ने समझा कि शायद कोई जानवर मरा पड़ा है। खोज करते हुए वे शिव कुमार के घर पर पहुंचे परंतु घर का दरवाजा बंद था। अंदर शव लटका हुआ था। यह देखते ही लोगों ने शोर मचा दिया।

मामले की सूचना थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी गई। थाने से ए.एस.आई. राजीव वालिया टीम के साथ मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोला। शव काला पड़ चुका था। रोशनदान में चुनरी बांधकर फंदा लगाया हुआ था। मृतक की पहचान लोगों ने शिव कुमार सैनी के तौर पर की। पुलिस एफ.एस.एल. की टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजीव वालिया ने बताया कि शव काफी सड़ चुका है। मामले की जांच की जा रही है।