जगाधरी में सफाई व्यवस्था ठप्प, नाले हो रहे ओवरफ्लो

4/25/2019 3:31:41 PM

यमुनानगर(नेहा): जगाधरी शहर में नालों की सफाई न होने के कारण ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहे हैं। नगर निगम को बार-बार शिकायतें देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है जिसकी वजह से शहरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के सिविल अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग के कुछ ऐसे ही हालात हैं। इस मार्ग पर पिछले 2 महीने से हालात बदतर हो चुके हैं। इस बारे में क्षेत्रवासी बुधवार को भी नगर निगम में शिकायत देने पहुंचे परन्तु अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन न मिलने पर सभी क्षेत्रवासियों ने रोष व्यक्त किया।

उनका कहना है कि सड़कों पर लगातार  पानी के जमा रहने की वजह से कई कई गहरे गड्ढे हो चुके हैं। इतना ही नहीं सिविल अस्पताल में भी गंदा पानी जाना शुरू हो चुका हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से नाले के पानी की बदबू, धूल मिट्टी व टूटी हुई सड़क से बहुत परेशान हैं। वे लोग कई बार अपने खर्च पर क्षेत्र के नालों की सफाई करवा चुके हैं लेकिन 1, 2 दिन बाद फिर वही हालत हो जाते हैं जिसके कारण बहुत अधिक प्रदूषण, बीमारियां फैल रही हैं और यहां के दुकानदार व निवासी बीमार पड़ रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे कई बार नगर निगम व पी.डब्ल्यू.डी. में इसकी शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि जब वे नगर निगम में इसकी शिकायत करने जाते है तो उन्हेंपी.डब्ल्यू.डी. में जाने के लिए कहा जाता हैं और जब वे पी.डब्ल्यू.डी. में जाते हैं तो उन्हें नगर निगम में जाने के लिए कहा जाता हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले 2 महीने से दोनों विभागों में शिकायत देते आ रहे हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा हैं।
  
सड़कों में बने गहरे गड्ढे

इस मार्ग पर स्थित दुकानदारों राकेश कुमार गर्ग, शिवम ग्रोवर, बृजेश कुमार, मीनाक्षी ने कहा कि पिछले 2 महीनों से नालों की सफाई न होने की वजह से शहर की अधिकतर सड़कों पर नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं जिसकी वजह से सारा गंदा पानी सड़क पर ही जमा रहता हैं। सड़कों पर पानी जमा रहने की वजह से कई कई फीट गहरे गड्ढे हो चुके हैं। एक तो सड़क पर गंदा पानी, दूसरा गहरे फुट गड्ढे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं।

वाहन हो रहे दुर्घटनाग्रस्त
सड़कों पर जमा गंदे पानी की वजह से यह मार्ग पूरी तरह से टूट फूट चुका है। बता दें कि यह मार्ग शहर का सबसे ज्यादा आवाजाही वाला मार्ग है क्योंकि इस मार्ग पर सिविल अस्पताल, परशुराम पब्लिक स्कूल, विष्णु गार्डन व अन्य कालोनियां स्थित हैं। इतना ही नहीं अधिकतर लोग पाबनी व बिलासपुर जाने के लिए शार्ट कट में इस मार्ग का प्रयोग करते हैं। इस मार्ग पर जमा गंदे पानी से बचकर निकलते-निकलते वाहन रोजाना दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। आए दिन कोई न कोई दोपहिया वाहन चालक यहां से निकलते हुए गंदे पानी में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
 
पैदल आने-जाने वाले लोग परेशान
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस मार्ग पर पैदल आने जाने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। उन्होंने बताया इस मार्ग पर नानकू मंदिर भी पड़ता है। मंदिर में सुबह शाम सैंकड़ों की संख्या में लोग आते-जाते हैं। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हुए, मंदिर जाने वाले लोगों पर गंदे पानी भी उछाल देते हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा बरती जा रही लापरवाही की वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दुकानदारी हो रही बाधित, कई बार पैसे देकर करवा रहे सफाई
क्षेत्र के दुकानदार प्रशांत साहनी, डा. बलदेव राज ने बताया कि सड़क पर जमा गंदे पानी व असुविधा की वजह से ग्राहक भी नहीं आ रहे, दुकानदारी खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को शिकायत भी दी लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं करवाया गया।

जब नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर सभी दुकानदार कई बार नाले की सफाई भी करवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की कमी की वजह से सफाई व्यवस्था ठप्प चल रही है। नालों का ढका नहीं गया है। सड़कों पर पड़ी गंदगी नालों में चली जाती है।

kamal