नववर्ष पर धूप की सम्भावना, बारिश के अभी आसार नहीं

12/28/2017 1:14:07 PM

यमुनानगर(ब्यूरो):नए साल में 4 दिन शेष हैं। मौसम भी लगातार करवट बदल रहा है। इसी के बीच नए साल को मनाने की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। लोग सुबह-शाम मौसम की वैबसाइट पर स्थानीय शहर के अलावा अन्य राज्यों का मौसम देख रहे हैं ताकि धार्मिक और सैर सपाटे पर निकला जा सके। नए साल पर अपने शहर में धूप खिली होगी। अधिकतर तापमान भी 23 डिग्री रहेगा। यह अनुमान मौसम विभाग की ओर से दिया गया है। बुधवार को सुबह 9 बजे के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए। इससे पहले धुंध इतनी थी कि पैदल चलना भी मुश्किल काम था। पार्क में सैर करने आए लोग अपने साथियों को जब ढूंढ न पाए तब उन्होंने फोन कर उनकी लोकेशन पूछी। आगामी 5 जनवरी तक अधिकतर तापमान 23 डिग्री से 19 डिग्री तक जाएगा। जबकि रात का तापमान 7 डिग्री तक रहेगा। 

पौने 9 घंटे देरी से चली गंगानगर-हरिद्वार एक्सप्रेस
सड़क के साथ रेल यातायात पर भी देर रात से धुंध का असर दिखने लगा और बुधवार सुबह से शाम तक यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर अप व डाऊन की टे्रनेंअपने निर्धारित समय से लेट पहुंची। सुबह 11:12 बजे आने वाली 14712 (गंगानगर-हरिद्वार एक्सप्रेस) पौने 9 घंटे, दोपहर 3 बजकर 43 बजे वाली 54540 (अंबाला-दिल्ली पैसेंजर) डेढ़ घंटा लेट, 64512 (नंगलडैम-सहारनपुर पैसेंजर) आधा घंटा, शाम 6 बजकर 12 बजे वाली 15012 (चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रैस) 50 मिनट, 4 बजकर 50 बजे वाली 12053 (हरिद्वार से अमृतसर जनशताब्दी) डेढ़ घंटा, साढ़े 5 बजे वाली 14521 (दिल्ली-अंबाला शैलजा एक्सप्रेस) एक घंटा, 7 बजे वाली 14681 (नई दिल्ली -जलंधर एक्सप्रेस) 45 मिनट, 6 बजे वाली 64561 सवारी गाड़ी 2 घंटे देरी से स्टेशन पर आई। ठंड में कंपकंपाते हुए टे्रनों के इंतजार करते यात्री दिक्कतों से दो-चार होते नजर आए। 

धुंध रहेगी, बारिश के आसार नहीं : एस.पी. सिंह
चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरैक्टर एस.पी. सिंह का कहना है कि अभी धुंध रहेगी। नए साल पर धूप रहने के आसार हैं। उनका कहना है कि अभी अगले 5 से 6 दिन बारिश नहीं है

धूप निकलनी जरूरी : जांगड़ा 
कृषि विभाग के क्यू.सी.आई. आर.के. जांगड़ा का कहना है कि गेहूं के लिए दिन के समय धूप निकलना जरूरी है। पिछले 2 दिन से दिन के समय धुंध थी और ठंड अधिक थी। यह गेहूं के लिए अनुकूल मौसम नहीं था।