ईस्ट भाटिया नगर के 2 घरों में चोरी, लाखों के आभूषण और कैश ले गए

8/20/2019 3:30:14 PM

यमुनानगर (सतीश): शहर के ईस्ट भाटिया नगर के 2 घरों में चोरी हुई। चोर वहां से लाखों रुपए के आभूषण और कैश ले गए। दोनों ही परिवार ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एरिया में लगे सी.सी.टी.वी. में एक युवक आता दिख रहा है। माना जा रहा है कि उसी ने चोरी की है। फुटेज में वह एक मकान की दीवार फांदकर अंदर जाता है।

इसलिए दोनों ही मकान में चोरी का शक उसी पर है। हालांकि अभी युवक की पहचान नहीं हो पाई है। चोरी की वारदात अलसुबह के समय हुई है। अंधेरा और बारिश होने से फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है। हालांकि विशेषज्ञ की मदद से शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान हो जाएगी। 


परिवार गया था दाखिल बेटे को देखने 
चोरों ने प्रोफैसर विजय कुमार के घर में चोरी की। वे अपने बेटे को लेकर अस्पताल गए हुए थे। वहां पर उनका बेटा दाखिल था। चोर उनके घर से सोने का सैट, नेकलेस समेत अन्य सोने-चांदी के आभूषण ले गए, वहीं घर में रखे 15 हजार रुपए भी गायब हैं। चोरों ने घर के दोनों कमरों और स्टोर में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा है। पूरा घर खंगाला है। विजय कुमार को चोरी का पता रविवार शाम 7 बजे लगा।

पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना  
इसी कालोनी की दूसरी गली में डाक्टर भारतभूषण का घर है। उनके घर में भी चोरी हुई है। उनका परिवार उस रात पंजाब में शादी में गए हुए थे। पड़ोसियों ने उन्हें चोरी होने की सूचना दी। वे रात को ही वहां से वापस आए। डाक्टर की पत्नी ने बताया कि चोर उनके घर से लॉकेट, सोने-चांदी के आभूषण व कैश भी ले गए।
 

Isha