शहर में धड़ल्ले से चल रहे बिना नंबर व रजिस्ट्रेशन के थ्री व्हीलर, बीच सड़क दुर्घटनाओं को दे रहे अंजाम

4/21/2021 1:40:52 PM

यमुनानगर : शहर यमुनानगर जगाधरी में खस्ताहाल व बिना नंबर के थ्री व्हीलर बेधड़क दौड़ रहे हैं। ऐसे थ्री व्हीलर चालको को ना तो पुलिस रोकती है और ना ही इनके खिलाफ कभी कोई कार्रवाई की जाती है। यह धड़ल्ले से तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे हैं और कहीं पर भी किसी भी समय बीच सड़क पर सवारी बिठाने के लिए ब्रेक लगा देते हैं। यमुनानगर सिविल अस्पताल के आगे भी ऑटो चालकों का ऐसा ही नजारा देखने को मिलता है। शहरवासियों का कहना है कि इन थ्री व्हीलरों का शायद ही रजिस्ट्रेशन हो क्योंकि जिस तरह से बिना नंबर के यह सड़कों पर दौड़ रहे हैं उससे यही अंदाजा लगाया जाता है कि इनका रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं होगा।

नियमों को दरकिनार कर ऐसे थ्री व्हीलर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। अफसरों की उदासीनता की वजह से चालक बेखौफ थ्री व्हीलर दौड़ा रहे हैं। थ्री व्हीलर के आगे और पीछे दोनों ओर प्लेटों पर नंबर लिखवाने का नियम है। प्लेट पर किसी प्रकार की कोई डिजाइन न होकर केवल स्पष्ट निर्धारित आकार में सामान्य तरीके से नंबर लिखे होने चाहिए। परंतु ट्विन सिटी में थ्री व्हीलर चालक नियमों की अवहेलना कर बेखौफ कानून की धज्जियां उड़ा रहे है। कुछ थ्री व्हीलरों पर तो प्लेट पर लिखे नंबर भी स्पष्ट तरीके से नहीं लिखे होते हैं। शहर में बिना पंजीकरण के दौड़ रहे थ्री व्हीलर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, मुख्य सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे इन तिपहिया वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा है। कई बार तो पीछे से आने वाले वाहन चालक इन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।

यात्रियों को बिठाने की होड़ में रख रहे नियम ताक पर
शहरवासियों का कहना है कि थ्री व्हीलर चालकों के बीच यात्रियों को बैठाने की होड़ लगी रहती है। एक दूसरे से आगे निकलने के लिए चालक थ्री व्हीलर को तेज गति से चलाते हैं। शहर के मुख्य मुख्य मार्गो से लेकर शहर के बीचोबीच हर जगह थ्री व्हीलर चालकों का यही हाल है। ज्यादातर थ्री व्हीलर रेड लाइट का उल्लंघन कर देते हैं लेकिन कुछ ऐसे भी है, जो जैसे ही बत्ती हरी होती है तेजी से निकलने के चक्कर में अन्य वाहनों से टकरा जाते हैं।

थ्री व्हीलर चालकों के खिलाफ़ हो सख्त कार्रवाई
लोगों का कहना है कि बेरोजगारी के साथ-साथ शहर में ऑटो की संख्या भी बढ़ रही है। शहरवासियों का कहना है कि शहर की सड़कों पर इस समय 2500 से ज्यादा थ्री व्हीलर दौड़ रहे हैं, लेकिन रजिस्ट्रेशन 700 से भी कम का है। हालांकि जिला यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले थ्री व्हीलर चालकों के खिलाफ कोई अभियान नहीं चलाया जाता। बिगड़ी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए यातायात पुलिस को ठोस कदम उठाने होंगे, और ऐसे थ्री व्हीलर चालकों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी जो कि बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हैं।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल का कहना है कि बिना रजिस्ट्रेशन के कोई भी थ्री-व्हीलर चलने नहीं दिया जाएगा, इसलिए थ्री-व्हीलर चालक अपने पूरे कागजात साथ रखें। सभी थ्री-व्हीलर चालक अपना पहचान पत्र व फोन नंबर थ्री-व्हीलर पर जरूर लिखें। उनके पास थ्री-व्हीलर के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, प्रदूषण प्रमाण पत्र व बीमा प्रमाणपत्र होना चाहिए। जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं है उनके थ्री व्हीलर इंपाउंड किए जाएंगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Manisha rana