यमुना में डूबने से दो पोतों की मौत, सदमे से दादी ने भी तोड़ा दम

6/6/2017 3:33:08 PM

रादौर (मलिक):यहां यमुना नदी के गुमथला घाट पर गंगा दशहरे पर स्नान करते समय डूबने से हुए 2 भाइयों की मौत से क्षेत्र में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों के शव गांव झगूड़ी में पहुंचे गम में उनकी दादी भी चल बसी। एक ही परिवार से 3 की मौत से परिवार सहित पूरा गांव सदमे में डूब गया। गत दिवस को गंगा दशहरे पर यमुना नदी के गुमथला घाट पर लगने वाले मेले को देखने व यमुना में स्नान करने के लिए गांव झगड़ी का रोहित उर्फ रोमी अपने भाई मोहित व 2 अन्य युवकों के साथ मेले में गए। मेला देखने के बाद रोहित अपने भाई मोहित के साथ नदी में चले गए। स्नान के समय दोनों भाई गहरे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। मोहित का शव को रविवार को दोपहर के समय ही निकाल लिया गया था लेकिन रोहित का शव गोताखोरों की मदद से देर सायं यमुना नदी से निकाला गया। 

दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए जहां झगड़ी में शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों की मौत से उनकी दादी अक्की देवी को इतना गहरा सदमा लगा कि वह चल बसी। परिजनों एवं गांव के लोगों ने बताया कि रोहित 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए विदेश जाने की तैयारी में लगा हुआ था। वहीं मोहित 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था और छुट्टियां होने के कारण अपने भाई के साथ यमुना नदी में स्नान करने के लिए गुमथला मेले में गया था।