खनन में हो रहे भ्रष्टाचार को जल्द करेंगे उजागर : डा. अशोक तंवर

1/14/2018 10:57:27 AM

यमुनानगर(ब्यूरो):जिला में अवैध खनन के जरिए व्यापक भ्रष्टाचार हो रहा है। इसमें सफेद पोश की भूमिका सबसे अधिक है। खनन की आड़ में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। यह किसी से छिपा नहीं है। आए दिन सोशल मीडिया इस मुद्दे को उठा रहा है, बावजूद इसके प्रदेश सरकार संज्ञान नहीं ले रही। यह आरोप कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने जन चेतना साइकिल यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में लगाए। यात्रा नेहरू पार्क माडल टाऊन से शुरू हुई। तंवर ने कहा कि वे जल्द ही भ्रष्टाचार का खुलासा करेंगे। तंवर ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश की जनता को सरकार के विरुद्ध लामबंद करेंगे। 

उनके साथ सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में जहां जहां भी यात्रा समाप्त होगी वहां वहां साइकिल को जरूरतमंद लोगों में वितरित किया जाएगा। तंवर के मुताबिक कांग्रेस पार्टी 2019 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। प्रदेश की 90 विधानसभा क्षेत्र में आम जनता से प्रदेश सरकार की 4 साल की कार्यशैली के बारे फीडबैक लिया जाएगा। प्रयास ये भी है कि साइकिल यात्रा के कुछ समय बाद प्रदेश में पैदल यात्रा भी शुरू की जाएगा। साइकिल और पैदल यात्रा के माध्यम से कांग्रेस के सभी नेता व कार्यकर्ता को एकजुट किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी में सब एक जुट है। कहीं कोई गुटबाजी नहीं है। सभी कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहे है और काम करेंगे। उधर कार्यक्रम में आयोजक एवं पार्टी के महासचिव भूपेन्द्र राणा ने कहा कि बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है। 

पंचकूला से लेकर पानीपत तक या फिर प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्र के लोग भाजपा को इसलिए सत्ता में लाए थे कि रोजगार मिलेगा। लेकिन भाजपा जुमलों और वायदों की सरकार निकली। 4 साल के कार्यकाल में जिले के युवाओं को सिवाय निराशा के कुछ नहीं मिला। सभी अपने को ठगा महसूस कर रहे है। मौजूदा सरकार लोगों को बयान बाजी कर भटका रही है। हकीकत से इन्हें कोई सरोकार नहीं है। जीरो टोलरैंस का वायदा करने वाले सरकार के नुमाइंदे भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। कुछ समय रह गया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता वोट के माध्यम से भाजपा पार्टी को जवाब देगी। 

भाजपा की दमनकारी नीतियों से जनता तंग आ चुकी है। वे जनता के बीच जा रहे हैं और उनका रुख कांग्रेस पार्टी की और साफ नजर आ रहा है। आने वाला समय कांग्रेस का है। कांग्रेस पार्टी हर वर्ग की पार्टी है और सब को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। मौके पर उनके साथ सतविन्द्र टीमी, पार्षद देवेन्द्र सिंह, रुपेन्द्र, रविन्द्र बबलू, सुशील राणा, टीनू जगाधरी, बलवान नम्बरदार, संजीव चौहान, वीरेन्द्र राणा, महावीर, दीपचन्द, जितेन्द्र, सुधीर राणा, सतपाल कौशिक, पूर्व पार्षद राजेश सचदेवा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।