पुलिस कार्रवाई न किए जाने से खफा महिलाओं ने किया प्रदर्शन

5/19/2019 2:20:59 PM

रादौर (मलिक): पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई का आश्वासन न दिए जाने से खफा होकर रादौर के गांव अंटावा की महिलाओं ने यहां खेड़ी लक्खा सिंह पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर रोष प्रदर्शन किया। 
महिलाओं ने कहा कि अगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की तो वे बच्चों सहित रोड पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगी। शनिवार को गांव अंटावा की जरनैलो देवी पत्नी रामजी लाल महिलाओं को साथ लेकर पुलिस चौकी खेड़ी लक्खा सिंह में पहुंची। वहां पहुंची महिलाओं ने पुलिस को शिकायत दी और कहा कि गांव में ग्राम पंचायत द्वारा पंचायती जमीन में उन्हें प्लाट दिए गए थे। शनिवार को वह ग्राम पंचायत द्वारा अलाट किए गए प्लाट में गुहारे के पास खड़ी थी। आरोप है कि काका पुत्र तरसेम सिंह ने खेत जोत रखा था।

 खेत जोतते समय उसने मेरे गुहारे के पास टिलर लगाकर नुक्सान किया। आरोप है कि काका व उसके पिता तरसेम सिंह मुझे धक्के दिए।गांव अंटावा की जरनैलो देवी, बिमला देवी, लाजो, सुनीता, उर्मिला, सीमा, संगीता, प्रेमवती, सावित्री व रामो सहित अनेक महिलाओं आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर पुलिस चौकी खेड़ी लक्खा सिंह पहुंची। वहां पहुंचकर महिलाओं ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस आश्वासन न दिए जाने को लेकर महिलाएं भड़क उठी। रोष प्रदर्शन करने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच में जुट गई। इस बारे में पुलिस चौकी खेड़ी लक्खा सिंह के ए.एस.आई. प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई करेगी।

 पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया है। गांव अंटावा में प्लाटों के लेकर पुराना मामला चल रहा है। जिस जमीन में प्लाट है वह जमीन किसकी है इसके बारे में राजस्व विभाग की निशानदेही करके सही रिपोर्ट दे सकता है।

Isha