धरने पर बैठे किसानों ने मांगा मुआवजा मिली गिरफ्तारी

12/19/2017 4:13:36 PM

यमुनानगर: मुआवजे की मांग को लेकर 111 दिन से धरने पर बैठे किसानों ने जगाधरी शहर पुलिस पर उन्हें गिरफ्तार करने का आरोप लगाया है। किसान कैबिनेट मंत्री कविता जैन को काले झंडे दिखाना चाहते थे और वे लघु  सचिवालय में जाने का प्रयास कर रहे थे। संघर्ष समिति के प्रधान कश्मीर सिंह  ढिल्लों, अर्जुन सुढैल, राजेश दहिया ने आरोप लगाया कि वे हाथों में काले झंडे लेकर भाजपा मुर्दाबाद मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगते हुए जिला सचिवालय की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस प्रशासन ने उन्हें सड़क पर ही रोक लिया। इससे किसानों में रोष और गुस्सा है। पुलिस ने गेट बंद कर किसानों को बाहर रुकने पर ही विवश कर दिया। इसके बाद किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया और सचिवालय की दीवार फांद कर अंदर घुसने लगे तो सैंकड़ों की संख्या में पुलिस को बुला लिया गया और किसानों को बाहर धकेला गया। इससे क्रोधित होकर किसान सड़क के बीच लेट गए। 

थाना शहर जगाधरी प्रभारी राकेश मटोरिया ने बताया कि उन्हें किसानों द्वारा अव्यवस्था की सूचना मिली थी। उन्होंने किसानों से बातचीत भी की वे नहीं माने। कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया था। मामला वैरीफाई करने के बाद उन्हें छोड़ दिया है। किसी भी किसान की गिरफ्तारी नहीं की गई।