संदिग्ध बुखार से 4 लोगों की मौत

10/24/2016 4:53:35 PM

यमुनानगर (सतीश): वार्ड नंबर 16 में संदिग्ध बुखार के बाद इस महीने में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। क्षेत्र में अभी भी दर्जनों लोग इस बुखार की चपेट में हैं। हर घर में कोई न कोई बीमार है। लोगों का कहना है कि अब तक स्वास्थ्य प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली है। एक के बाद एक हो रही मौतों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। गांधी नगर एरिया की जोगिंद्र नगर, कृष्ण नगर व अन्य कालोनी में लोग इस बुखार से पीड़ित हैं। 

क्षेत्र के संजीव कुमार, सुबोध कुमार व मनोज ने बताया कि हर घर में बुखार के मरीज हैं और मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ ही रहा है। इसमें मरीज को तेज बुखार, जोड़ों में सूजन तथा शरीर व जोड़ों में तेज दर्द होता है। गांधी नगर एरिया में एक पखवाड़े में ही 4 मौतें हो चुकी हैं। बीती 15 अक्तूबर को इंद्र गार्डन निवासी वर्षीय आशा (70) की मौत हुई थी। आशा की बहू सीमा ने बताया कि उन्हें बुखार आया था और उनकी हालत बिगड़ती चली गई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनकी मौत हो गई। इसी तरह भीम नगर में रिटायर्ड चालक बलजीत सिंह की मौत हो गई। उनके बेटे शंटी ने बताया कि उन्हें भी कई दिनों से बुखार था। मंगलवार को अचानक गिर गए।


उन्हें निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांधी नगर निवासी 8 वर्षीय शिव की मौत भी इसी बुखार के चलते हुई। उसके पिता सुभाष ने बताया कि उसे कई दिनों से बुखार था। उसे डाक्टर से दवाई दिलवाते रहे लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। उन्हें बताया गया कि बुखार बच्चे के दिमाग में चला गया था, जिससे उसकी मौत हुई है। इसके अलावा जोगिंद्र नगर निवासी 30 वर्षीय मुनीष कुमार की मौत पी.जी.आई. चंडीगढ़ में हो गई। उसके पिता महेंद्र ने बताया कि उसे भी बुखार हुआ था।

महिला की मौत से नहीं लिया सबक
1 अक्तूबर को कृष्ण नगर निवासी 45 वर्षीय सलोचना देवी की मौत हो गई थी। उन्हें भी बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां 4-5 दिन उनका इलाज भी हुआ। मगर बीती 1 अक्तूबर को अस्पताल में ही इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति सुशील कुमार ने बताया कि कालोनी में संदिग्ध बुखार बढ़ता जा रहा है। स्थिति ये है कि हर घर में कोई न कोई बीमार है। क्षेत्र में कई लोगों की मौत भी बुखार से हो चुकी है। 

क्या कहते हैं पार्षद
क्षेत्र के पार्षद जसबीर बिट्टू का कहना है कि बुखार से लोग सहमे हुए हैं। अभी तक कारण भी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। उन्होंने स्वयं सी.एम.ओ. को जानकारी दी थी। 
इसके बाद डिस्पैंसरी से डाक्टरों की टीम आई थी लेकिन इलाके के लोगों ने यह कहकर दवाई लेने से मना कर दिया कि विशेषज्ञ ही आएं। 

चैक करवाया जाएगा : सी.एम.ओ.
सी.एम.ओ. डा. रमेश कुमार का कहना है कि आज ही वार्ड में टीम भेजी जाएगी और स्थिति को चैक करवाया जाएगा। मौत के कारणों का भी पता लगाया जाएगा। वहीं डी.एच.ओ. डा. वी.के.जैन का कहना है कि महिला की मौत के बाद टीम भेजी गई थी और पूरे क्षेत्र में फॉगिंग करवाई गई थी।