धारदार हथियार से वार कर युवक की हत्या

3/15/2018 11:13:45 AM

यमुनानगर(ब्यूरो): यू.पी. से लकड़ी लेकर आए अपना टिम्बर आढ़ती पांसरा की ऊपरी दुकान में सो रहे ट्रैक्टर चालक अब्बास के सिर व मुंह पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर सदर यमुनानगर पुलिस मौके पर पहुंची। एफ.एस.एल. ने खून के सैंपल लिए। आरोपियों की संख्या 2 से अधिक मानी जा रही है। थाना प्रभारी राजीव मिगलानी ने बताया कि मृतक के परिवार ने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। लूट के इरादे से हत्या नहीं की गई। मृतक के कपड़े, मोबाइल, पर्स सहित ट्रैक्टर की चाबी बरामद कर ली है। अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

मृतक के चाचा जुमसेद ने पुलिस को बताया कि जब आढ़ती ने उनके गांव के ठेकेदार मुंतजिर को फोन कर अब्बास की मौत की सूचना दी तो उस समय उसने खून की उल्टी के बारे में बताया। जब वह यहां आए तो उसकी हत्या के बारे में पता चला। अब्बास गांव के ठेकेदार की ट्रैक्टर-ट्राली लेकर पहली बार आया था। उसके साथ गांव के 4 अन्य लोग भी लकड़ी लाए थे, 2 चालक जाम में फंस गए। 2 चालक यमुनानगर आ गए। इनमें से रघु अब्बास को अपना टिम्बर का कार्यालय दिखाकर टिम्बर पर चला गया। वहीं आढ़ती अकरम का कहना है कि उन्होंने हालात के मुताबिक कॉल किया। उनके यहां रात का कर्मचारी बिहार गया हुआ था। मंगलवार रात ऊपरी दुकान में कोई नहीं था।