दूषित पेयजल समस्या से परेशान महिलाओं ने एक्स.ई.एन. का किया घेराव
punjabkesari.in Wednesday, May 22, 2019 - 09:01 AM (IST)

भिवानी(वजीर): गर्मी की तपिश बढ़ते ही शहर में पेयजल संकट गहराने लगता है। जन-स्वास्थ्य विभाग समस्या के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है, जिसके चलते लोगों को पेयजल के लिए धरने प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। इसके साथ ही शहर की बई बस्तियों के लोग दूषित पेयजल सप्लाई से परेशान है। मंगलवार को दिनोद गेट पुलिस चौकी के समीप वार्ड नं. 23 की दूषित पेयजल सप्लाई से परेशान महिलाओं ने जनस्वास्थ्य विभाग के एक्स.ई.एन. का घेराव किया।
अधिकारी ने गुस्साई महिलाओं को 2 दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया इसके बाद कहीं जाकर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। इस अवसर पर वार्ड नं. 23 के पार्षद राजकुमार, महिला प्रधान शारदा शर्मा, बिमला, संजू, बिल्लो, अंजनी, आशा, औमबती, कांता, रजनी, बसंती व अन्य मौजूद थीं।
क्या है समस्या
जनस्वास्थ्य विभाग के एक्स.ई.एन. कार्यालय पहुंची वार्ड नं. 23 दिनोद गेट चौकी पुलिस के समीप गली निवासी महिला प्रधान शारदा शर्मा ने बताया कि उनकी गली में करीबन 1 साल से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। दूषित पानी की सप्लाई को लेकर विभाग के अधिकारियों को बार-बार अवगत कराया गया लेकिन समस्या को लेकर उनके कानों पर जूं नही रेंगती है। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर जब वे धरने प्रदर्शन करती है तो कभी-कभार सप्लाई दे दी जाती है लेकिन वह भी दूषित पेयजल के साथ।
महिलाओं को दिया समस्या का 2 दिन में हल करवाने का आश्वासन
दूपित पेयजल समस्या से परेशान जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंची महिलाओं ने एक्स.ई.एन. से समस्या का समाधान तुरंत प्रभाव से ने करने पर उनके कार्यालय के सामने धरना दिया जाने की बात कही तो अधिकारी ने गुस्साई महिलाओं को समस्या को 2 दिन में हल करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला प्रधान शारदा शर्मा ने कहा कि पेयजल की समस्या का हल नहीं किया जा रहा है केवल हर बार आश्वासन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा समस्या से परेशान महिलाएं बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगा रही है। उन्हें हर बार ऑटो से यहां पहुंचना पड़ रहा है। इसलिए आप आज का ऑटो का कि राया दे दें। इसके बाद महिला प्रधान शारदा शर्मा ने कहा कि अगर आप ऑटो का किराया नहीं देते हैं तो कार्यालय के आगे खड़ी सरकारी गाड़ी को कहीं नहीं जाने दिया जाएगा और हम यहीं धरना देने वाली हैं।