अमित शाह के आगमन से दक्षिणी हरियाणा में एकतरफा चलेगी भाजपा की आंधी : राव नरबीर सिंह

punjabkesari.in Thursday, Sep 26, 2024 - 08:37 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि 29 सितम्बर को सेक्टर 95 स्थित गांव ढोरका में गृहमंत्री अमित शाह की रैली होगी। उन्होंने कहा कि शाह की बादशाहपुर की रैली ऐतिहासिक होने वाली है। यह रैली दक्षिणी हरियाणा की हर सीट पर कमल खिलाने के मार्ग को प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में हमेशा से ही दक्षिणी हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह भी निश्चित है कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार फिर से भाजपा सरकार बनने जा रही है और इस बार भी दक्षिणी हरियाणा की सभी सीट भाजपा जीतने जा रही है। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि शाह की इस रैली से बादशाहपुर की ताकत भी पूरा हरियाणा देखेगा।

 


राव नरबीर सिंह बृहस्पतिवार को  सिविल लाइन्स स्थित अपने कार्यालय में आये हुए विभिन्न संगठनों के लोगों से मुलाकात कर रहे थे। उन्होंने मौजूद लोगों को कहा कि गुरुग्राम का विकास  केवल और केवल भाजपा के शासन में ही हो पाया। वर्ष 2014 से पहले गुरूग्राम के क्या हालात थे यह सभी जानते हैं। जो लोग यहां लंबे समय से रह रहे हैं उनको मालुम है कि गुरूग्राम के साथ कांग्रेस ने किस स्तर पर भेदभाव किया हुआ था। कांग्रेस ने अपने 10 साल की सरकार में  केवल एक ओवरब्रिज गुरुग्राम में बनवाया था। 2014 में भाजपा की सरकार आने के बाद गुरूग्राम में विकास का पहिया घूमा। यहां अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए गए ताकि लोगों को जाम से न जूझना पड़े। द्वारका एक्सप्रेस वे जैसी परियोजना को केंद्र से पास कराया गया। काकरौला में विश्वविद्यालय और खेडकी माजरा में मेडिकल कालेज मिला जिनमें हमारी आने वाली पीढियों का भविष्य बनेगा। राव नरबीर सिंह ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस शासन का फर्क बादशाहपुर और पूरे गुरूग्राम की जनता ने साफ तौर पर देखा है।

 


आप हाथ पकड़ लो, पांच साल विकास में कमी नहीं छोडूंगा :
राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर के लोगों ने साथ दिया तो पांच साल तक विकास कराने की गारंटी उनकी है। उन्होंने कहा कि 2014 के विधानसभा चुनाव में बादशाहपुर की जनता ने उनको जिताकर विधानसभा में भेजा। भाजपा सरकार ने उनको कैबिनेट मंत्री बनाया और उन्होंने सिर्फ  बादशाहपुर ही नहीं पूरे गुरूग्राम में विकास के काम कराए। इफ्को चौक, राजीव चौक, सिग्नेचर टावर, महाराणा प्रताप चौक सहित गुरूग्राम के सभी चौराहों पर अंडरपास व ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही बादशाहपुर एलीवेटेड फ्लाइओवर जैसा प्रोजेक्ट गुरूग्राम को दिया गया। पहले जहां सोहना तक जाने में ही डेढ़ से दो घंटे लग जाते थे वहीं अब यह सफर मिनटों में तय होता है। उन्होंने कहा कि 2014 से 2019 तक पांच साल के अपने कार्यकाल में उन्होंने विकास के इतने काम कराए जो पिछले पचास सालों में भी नहीं हुए थे। राव नरबीर सिंह ने कहा कि वह वादा करते हैं कि बादशाहपुर में विकास की जो रफ्तार 2014 से 2019 तक थी उससे अधिक गति से आने वाले दिनों में काम कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राव नरबीर सिंह से नजदीक कोई और नेता आप लोगों को नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि न 2014 से 2019 तक उन्होंने विकास का पहिया रुकने दिया और न ही आगे रुकेगा।

 


गुरुग्राम की हर समस्या का होगा समाधान :
राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर व पूरे गुरूग्राम की हर समस्या के समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।  गुरूग्राम के सेक्टरों की भी अपनी समस्याएं हैं जिनके समाधान को लेकर लोग चक्कर काटते रहते हैं लेकिन अगर वह विधानसभा में पहुंचे तो लोग अधिकारियों के पास नहीं अधिकारी लोगों के पास आएंगे। अधिकारी उनका काम करने का तरीका जानते हैं। वह जब कैबिनेट मंत्री थे तो अधिकारी छुट्टी वाले दिन भी कम करते थे।  बादशाहपुर की जनता ने साथ दिया तो  गुरूग्राम की सडक़ से लेकर सफाई तक की समस्या का समाधान कराने का वह पूर्ण आश्वासन देते हैं। गुरूग्राम में लगे कचरे के पहाड़ों को साफ  कराने के लिए वह हर स्तर पर प्रयासरत हैं और इस समस्या का समाधान भी कराकर रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static