रेजांगला चौक से अवैध अतिक्रमण किया ध्वस्त

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 08:26 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): रेजांगला चौक, पालम विहार तथा डिफेंस सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट (डीएसओआई) के सामने के क्षेत्र में लंबे समय से हो रहे अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध आज एक सशक्त कार्रवाई की गई। शहरी नियोजन विभाग के (डीटीपी इंफोर्समेंट)  आर.एस. भट्ट स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को नेतृत्व किया। इस अवसर पर बडी संख्या में पुलिस बल व डीटीपी दस्ता मौजूद रहा।

 

ज्ञात हो कि शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन ने लंबे समय से इस क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की जा रही थी। जिस पर शुक्रवार को विभाग के अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की गई। इस अवसर पर शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन जो रेजांगला चौक व स्मारक के रख-रखाव में सक्रिय भूमिका निभा रही है, की टीम भी उपस्थित रही। टीम में कर्नल महाबीर यादव (अध्यक्ष, रेजांगला एवं सदस्य डीएसओआई), ब्रिगेडियर सामरा, ग्रुप कैप्टन जगमाल, विंग कमांडर पांडेय, विंग कमांडर आर. पाल, कर्नल वैद, सूबेदार सतपाल शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल महाबीर यादव ने बताया कि इस विषय को आगामी 06 अप्रैल-2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली मासिक शिकायत समिति की बैठक में भी उठाया जाएगा।

 

इसके अतिरिक्त, पालम विहार क्षेत्र के पार्षद प्रदीप पदम, डीटीपी आर.एस. भट्ट के साथ मौके पर उपस्थित रहे। सेक्टर-23 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुनील यादव की उपस्थिति ने भी इस कार्रवाई को जनसमर्थन प्रदान किया। आर.एस. भट्ट ने अपने वक्तव्य में रेजांगला स्मारक के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह स्मारक हमारे वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि स्मारक के आसपास किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या बिना लाइसेंस दुकानें लगाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में यदि ऐसा पाया गया तो न केवल तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी, बल्कि सख्त कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। भट्ट ने फाउंडेशन के सदस्यों को आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं प्रशासन तत्परता से कार्रवाई करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static