भारत विश्व में शांति और संवाद का अग्रदूत : कैबिनेट मंत्री

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 07:16 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा के लोक निर्माण व जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हमारे सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता की सेवा है और यही परमात्मा की सच्ची सेवा भी है। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” का सिद्धांत हमारे सनातन धर्म की आत्मा है, जो सदैव समस्त विश्व के कल्याण और मंगल की कामना करता है। सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी पद्धति है जो समाज में समरसता, करुणा और सेवा की भावना को मजबूत करती है। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार की देर शाम पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर के 106 वें वार्षिकोत्सव को संबोधित कर रहे थे।

 

इस अवसर पर उन्होने कहा कि हमारे संत-महात्माओं, गुरुजनों और धार्मिक गुरुओं ने हमेशा मानवता की सेवा, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज के उत्थान का संदेश दिया है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए गंगवा ने कहा कि आज जब विश्व अशांति और संघर्ष के दौर से गुजर रहा है, तब पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में शांति और संवाद का संदेश दे रहा है, जो हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की ही देन है।

 

उन्होंने आश्रम द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ यदि संस्कार जुड़े हों, तो वही एक अच्छे समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला बनते हैं। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर आश्रम को 11 लाख रूपये की राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, जीएवी के चेयरमैन प्रदीप कौशिक, तहसीलदार रोहतास पवांर, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, पटवारी सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static