अपराधी बलबीर उर्फ छल्ला पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, करोड़ों के अवैध निर्माण ध्वस्त

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 07:30 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्‍यूरो): गुडग़ांव पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए अपराधी बलबीर उर्फ छल्ला के कासन, मानेसर स्थित सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह संयुक्त कार्यवाही पालम विहार क्राइम ब्रांच द्वारा एचएसआईआईडीसी व आरएस भाट, डीटीपी कम नोडल ऑफिसर एनफोर्समेंट के समन्वय से की गई।


पुलिस व प्रशासनिक अमले ने गांव कासन निवासी बलबीर उर्फ छल्ला की अवैध संपत्ति को चिन्हित किया। जिसमें सामने आया कि अपराधी बलबीर उर्फ छल्ला ने कासन, मानेसर स्थित सरकारी भूमि पर दुकान, खोखे व झुग्गी बनाकर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। वह यहां से अवैध रूप से किराया वसूल रहा था और इसका प्रयोग अन्य अपराधिक गतिविधियों के लिए कर रहा था। पालम विहार क्राइम ब्रांच के साथ भारी पुलिस बल व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया तथा पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।


पुलिस प्रवक्ता का कहना:
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार का कहना है कि अपराधी बलबीर उर्फ छल्ला का आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी बलबीर उर्फ छल्ला पर चोरी करने, अवैध वसूली करने व एक्साइज एक्ट के तहत आठ केस दर्ज हैं। गुरुग्राम पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static