15 साल से जनता त्रस्त, विधायकों ने अपने स्वार्थ की योजनाओं पर किया काम : बीरू सरपंच

punjabkesari.in Wednesday, Sep 18, 2024 - 07:44 PM (IST)

गुड़गांव,  (ब्यूरो): बादशाहपुर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी बीर सिंह ऊर्फ बीरू सरपंच ने कहा कि जनता ने उन्हें मौका दिया और वह विधायक बने तो क्षेत्र में  समस्याओं का जड़ मूल से नाश करेंगे। उन्होंने बादशाहपुर के जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाया 15 साल के दौरान  यहां से चुने गए जनप्रतिनिधियों ने  जनता को वोट बैंक के रूप में ही इस्तेमाल किया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास की योजनाएं बनाने की बजाय अपने स्वार्थ की योजनाएं बनाकर उन्हें सिरे चढ़ाया है। बादशाहपुर के 15 साल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। 

 

 

बीरू खंडसा गांव में  अपनी चुनावी सभा में लोगों से रूबरू हो रहे थे। खंडसा के साथ बारिश के बीच ही बीरू  करीब दर्जन भर स्थानों पर लोगों से रूबरू हुए। जहां-जहां बीरू पहुंचे, लोगों ने उनका फूल मालाओं, पगड़ी बांधकर जोरदार स्वागत किया। लोगों के स्वागत से गदगद बीरू ने लोगों के से मिल रहे मान-सम्मान को सूद समेत लौटाने का वचन दिया।  उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने जनता को दोनों हाथों से लूटने का काम किया है। खेड़की दौला टोल की समय सीमा पूरी हो गई लेकिन पिछले सात आठ सालों से यहां अवैध वसूली की जा रही है। 700 करोड रुपए से बादशाहपुर ड्रेन की योजना बनी लेकिन इतनी बड़ी राशि मिट्टी में दफन होकर रह गए। एक बारिश में शहर तालाब बन जाता है। विभिन्न प्रकार से टैक्स वसूली के बाद भी  सरकारों ने जनता को सिवाय समस्याओं के कुछ नहीं दिया। यहां रहने वाले लोग, हाउस टैक्स,  प्रॉपर्टी टैक्स,  मेंटेनेंस टैक्स और न जाने कैसे कैसे टैक्स चुका रहे हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें टूटी सड़कें, बजबजाते सीवर, चारों ओर पसरी गंदगी, जगह-जगह जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही है। इतना तब है जब 15 सालों में बादशाहपुर की सत्ता में भागीदारी रही है। यह चुनाव केवल विधायक चुने का नहीं है। जनता को बहुत जांच परख कर और सोच समझकर अपने लिए ऐसा प्रतिनिधित्व तय करना है जो इलाके की समस्याओं का हल कर सके और विधानसभा में जनता की आवाज बन सके। बीरू ने कहा कि बादशाहपुर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र को अपने में समेटे है। जनप्रतिनिधि न शहरी मतदाताओं का ख्याल रख पाए और ना ही ग्रामीणों का। 

 

 

 सबको दिया मौका,  एक मौका मुझे देकर देंखे

 बीरू ने लोगों से भावनात्मक जुड़ाव करते हुए कहा कि बादशाहपुर की जनता ने कांग्रेस बीजेपी और निर्दलीय को मौका देकर देख लिया है। सभी ने सत्ता में रहकर अपनी स्वार्थ पूर्ति की है। अब जनता आम आदमी पार्टी की ओर उम्मीद की नजरों से देख रही है। जनता ने उन्हें अपना आशीर्वाद और सहयोग दिया तो वह साबित करेंगे एक जनसेवक क्या होता है। उन्होंने कहा कि वह पक्ष में रहे चाहे विपक्ष में रहें, लेकिन इतना भरोसा दिलाता हूं कि क्षेत्र में समस्याएं नहीं रहने दूंगा। हम गुरुग्राम और बादशाहपुर ही नहीं  पूरे हरियाणा में दिल्ली पंजाब का विकास मॉडल लागू करेंगे। निश्चित ही इस बार लोग आम आदमी पार्टी को अपना प्रतिनिधित्व सौंपने का मन बना चुकी है। आम आदमी पार्टी हमेशा से ही आम आदमी के हकों की लड़ाई लड़ रही है। जब तक एक-एक नागरिक को उसका हक नहीं मिल जाता, यह लड़ाई जारी रहेगी। जनता से सबको एक मौका दिया है, एक मौका उन्हें भी देकर देंखे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static