8 लाख रुपए की हेरोइन सहित दो नशा तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 04:16 PM (IST)

नूंह ब्यूरो : नूंह जिले के तावडू सदर थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए तावडू एवं एंटी नारकोटिक्स सेल ने कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को करीब 61.43 ग्राम हेरोइन तथा एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी जा रही है। दोनों आरोपी गुरुग्राम के फरुखनगर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं और तावडू क्षेत्र में मादक पदार्थ सप्लाई करने आ रहे थे।

 

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर गुरनावट-कांगरका रोड स्थित घोड़ा फार्म के पास नाकाबंदी की गई, जहां एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोककर काबू किया गया। आरोपियों की पहचान अरुण कुमार निवासी मुबारिकपुर थाना फरुखनगर और शिवा हंस निवासी झाझरोला थाना फरुखनगर, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की तलाशी ली।

 

तलाशी के दौरान अरुण कुमार के कब्जे से 33.53 ग्राम तथा शिवा हंस के कब्जे से 27.90 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों के कब्जे से कुल 61.43 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने प्राथमिक तौर पर दिल्ली के विकासपुरी क्षेत्र से एक नाइजीरियन सप्लायर से हेरोइन लाने की बात बताई है। पुलिस इस नेटवर्क की गहनता से जांच में जुटी हुई है। इस संदर्भ में तावड़ू सदर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static