Instagram पर फर्जी आईडी बनाकर महिला को किया बदनाम, एक गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 08:27 AM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर क्राइम साउथ थाना पुलिस ने महिला की इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी फोटो पर अश्लील और अभद्र टिप्पणियां पोस्ट करने के मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला ने अपने पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे का बदला लेने के लिए इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, साइबर क्राइम साउथ थाना में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने उसके नाम से इंस्टाग्राम की फर्जी आईडी बनाई है। आरोपी ने उस आईडी पर उसकी तस्वीरें अपलोड कर अश्लील और अभद्र टिप्पणियां पोस्ट कीं, जिससे उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल जांच के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने गुरुग्राम से एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।
जिसकी पहचान यूपी के औरैया निवासी आरती के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पहले उसके पति के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज कराया था। उसी का बदला लेने और शिकायतकर्ता को समाज में बदनाम करने के उद्देश्य से उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई तथा उस पर महिला की फोटो लगाकर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट कीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।