नूंह में बेरोजगारी से परेशान युवक ने दी जान

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 07:14 PM (IST)

नूंह,  (ब्‍यूरो): जिले के गांव घासेड़ा से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां बेरोजगारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे 30 वर्षीय युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक का शव उसके घर में पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की पहचान फुरकान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, फुरकान पिछले काफी समय से बेरोजगार था और काम न मिलने के कारण मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

 

आर्थिक तंगी के चलते परिवार की जिम्मेदारियों का दबाव भी उस पर लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे वह तनाव में था। फुरकान अपने पीछे पत्नी और तीन साल की मासूम बेटी को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर नूंह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static