हैरान करने वाला रेस्क्यू: खंडहर मकान के रोशनदान में 10 दिन तक फंसा रहा 11 फीट लंबा अजगर, पेट में 3 इंच तक धंस गई लोहे की ग्रिल
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 08:58 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज): हरियाणा के यमुनानगर जिले के साढौरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नाग्गल से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक खंडहर मकान के रोशनदान में 11 फीट लंबा अजगर करीब 10 दिन तक फंसा रहा। स्थिति इतनी गंभीर थी कि रोशनदान की लोहे की ग्रिल अजगर के पेट में लगभग 3 इंच तक धंस गई थी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया और चाहकर भी बाहर नहीं निकल पा रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार, यह विशाल अजगर किसी तरह एक खंडहर मकान के रोशनदान में जा फंसा। इस दौरान रोशनदान में लगी लोहे की पैनी ग्रिल उसके शरीर (पेट) में करीब 3 इंच तक अंदर घुस गई। गंभीर चोट और दर्द के कारण अजगर कई दिनों तक उसी अवस्था में लाचार फंसा रहा।घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद वाइल्डलाइफ (वन्यजीव) विभाग की टीम मौके पर पहुँची। टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि अजगर को बिना कोई अतिरिक्त नुकसान पहुँचाए सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
विभाग के कर्मचारियों ने अत्यंत सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार टीम ने अजगर को लोहे की ग्रिल से सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। इस घटना ने एक बार फिर इस गंभीर समस्या को सामने ला दिया है कि कैसे वन्यजीव भटककर रिहायशी इलाकों में पहुँच जाते हैं और कई बार इस तरह के दर्दनाक हादसों का शिकार हो जाते हैं। गनीमत यह रही कि समय रहते विभाग को सूचना मिल गई और अजगर की जान बचा ली गई।