अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर तस्करी का खुलासा, कर्मभूमि एक्सप्रेस से छुड़ाए गए 12 मासूम; जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 12:59 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर 10 बच्चों का रेस्क्यू किया गया है। बिहार के कटिहार से इन बच्चों को हरियाणा और पंजाब में मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था। कर्मभूमि एक्सप्रेस से पहुंचे बच्चों को जीआरपी, आरपीएफ और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में रेस्क्यू किया। मेडिकल के बाद बच्चों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें ओपन शेल्टर होम भेज दिया गया।
जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस के प्रधान परमजीत सिंह बडोला के मुताबिक, सूचना मिली थी कि इन बच्चों को राइस मिलों में मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा है। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें दो हजार रुपये एडवांस और 12 से 15 हजार रुपये मासिक मजदूरी देने का वादा किया गया था। इनमें तीन बच्चों को करनाल के तरावड़ी और सात बच्चों को पंजाब के लुधियाना और अमृतसर की राइस मिलों में काम पर लगाया जाना था। रेस्क्यू के बाद सभी बच्चों का मेडिकल करवाया गया और उन्हें बाल कल्याण समिति अंबाला के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद बच्चों को ओपन शेल्टर होम भेज दिया गया।
बच्चों को मजदूरी के लिए ले जाने की सूचना मिलते ही एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम हरकत में आई और अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की गई। एएसआई राजतिलक ने बताया कि उनकी टीम को जब भी इस तरह की सूचना मिलती है, तो रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर जांच और छापेमारी की जाती है। इसी सूचना के आधार पर कर्मभूमि एक्सप्रेस में सवार बच्चों को रेस्क्यू किया गया। सभी बच्चों का मेडिकल करवाने के बाद उन्हें बाल कल्याण समिति अंबाला के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।