वीडियो कॉल पर गलत काम करवाती थी पड़ोसी महिला, 12 साल की बच्ची ने लगाए गंभीर आरोप; चुप रहने को दी 40 लाख की पेशकश
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 06:28 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र में 12 वर्षीय एक नाबालिग बच्ची ने पड़ोस में रहने वाली महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्ची का दावा है कि महिला उसे अपने घर बुलाकर एक ऑनलाइन वीडियो चैटिंग एप्लीकेशन के माध्यम से युवकों से जोड़ती थी और वीडियो कॉल के दौरान उससे अश्लील गतिविधियां करवाने का दबाव बनाया जाता था। नाबालिग ने यह भी आरोप लगाया है कि अब उस पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है और चुप रहने के बदले 40 लाख रुपए की पेशकश की गई है। मामले में पुलिस पहले ही पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच कर रही है। हालांकि आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।
वीडियो कॉल पर जोड़ने का आरोप
नाबालिग के अनुसार करीब तीन महीने पहले उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली महिला से हुई थी। महिला उसे बार-बार अपने घर बुलाती थी और एक लाइव चैटिंग एप्लीकेशन के जरिए वीडियो कॉल पर युवकों से जोड़ती थी। बच्ची का आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान उसे अनुचित गतिविधियां करने के लिए मजबूर किया जाता था। उसने दावा किया कि जैसे-जैसे वीडियो कॉल के दौरान अश्लील कंटेंट बढ़ता था, महिला के अकाउंट में "डायमंड" नामक वर्चुअल करेंसी जमा होती थी, जिन्हें बाद में पैसों में बदला जाता था।
कार्रवाई न होने का लगाया आरोप
नाबालिग का कहना है कि उसने पुलिस के सामने वीडियो कॉल से जुड़े कुछ लोगों की पहचान भी की है, लेकिन अभी तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। बच्ची ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी महिला के खिलाफ भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही।
मां को हुआ था शक
शिकायत के अनुसार 28 मार्च को बच्ची की मां को संदेह हुआ और वह बेटी के पीछे पड़ोसी महिला के घर पहुंची। वहां उसे कथित तौर पर पूरी गतिविधि की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी।
पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस
परिवार की शिकायत पर 6 अप्रैल को पुलिस ने संबंधित महिला के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करता रहा है।
सोशल मीडिया पर उठाया मुद्दा
परिजनों ने 15 जून को सोशल मीडिया पर लाइव आकर कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद मामला और चर्चा में आया। वहीं दूसरे पक्ष ने भी आरोपों को निराधार बताते हुए स्वयं को झूठे मामले में फंसाए जाने की बात कही है।
समझौते का दबाव बनाने का आरोप
नाबालिग ने हाल ही में जारी एक वीडियो में दावा किया कि आरोपी पक्ष की ओर से उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और चुप रहने के बदले 40 लाख रुपए देने की पेशकश की गई है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच जारी
डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से विभिन्न स्तरों पर शिकायतें दी गई हैं और मामले की जांच अब अंबाला जिले के बराड़ा के डीएसपी को सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पक्षों के बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।