कुरुक्षेत्र में सवा 3 करोड़ रुपए लूट में बड़ा खुलासा, पुलिस ने 4 बदमाशों को किया गिरफ्तार, पानीपत -सोनीपत जिले के आरोपी
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 04:04 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) : कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर गन प्वाइंट पर सवा 3 करोड़ रुपए की लूटपाट करने वाले 4 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान कमल व प्रिंस निवासी पानीपत और साहिल व अंश निवासी सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्लान वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी। आरोपी नकाब पहनकर घर में घुसे थे। उनके पास पिस्टल थी और वारदात के दौरान घर में लगे डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी योजना बनाकर एडवोकेट के घर पहुंचे थे। घर की रेकी से लेकर वारदात को अंजाम देने और वहां से निकलने तक की पूरी प्रक्रिया को योजनाबद्ध तरीके से किया गया। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों को घर में रखी नकदी और जेवर के बारे में पहले से जानकारी कैसे मिली और वारदात की योजना किसने तैयार की थी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद डकैती से जुड़े कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है। बरामदगी और जांच की आगे की जानकारी पुलिस की ओर से साझा की जाएगी।