फरीदाबाद में एक ही दिन में 2 नाबालिग युवतियों ने दी जान, एक के घर में हुई मामूली कहासुनी; दूसरी सुबह से थी चुपचाप
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 11:00 AM (IST)
फरीदाबाद (पूजा शर्मा) : फरीदाबाद में एक ही दिन में दो नाबालिग युवतियों के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों मामले अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए है। पहला मामला सारन थाना क्षेत्र का है जहां नंगला एंक्लेव पार्ट-2 के पास 17 वर्षीय युवती ने फांसी लगाई। युवती घर में मामूली कहासुनी के बाद कमरे में चली गई थी। आधे घंटे तक बाहर न आने पर परिवार को शक हुआ। कमरा अंदर से बंद मिला, परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। युवती पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना दे दी गई, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं दूसरा मामला सेक्टर-58 थाना क्षेत्र का है जहां राजीव कॉलोनी में 14 वर्षीय किशोरी ने आत्महत्या की। परिवार के अनुसार किशोरी सुबह से चुप थी, बातचीत नहीं कर रही थी। शाम करीब 7 बजे कमरे में फांसी लगाई। दरवाजा अंदर से बंद मिला, परिजन तोड़कर अंदर पहुंचे। उसे बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मामलों में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)