सुरक्षा चक्र में फरीदाबाद: सुरक्षा के लिए 25 नाकों पर 2,000 से ज्यादा जवान तैनात, जानिए क्यों
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 03:00 PM (IST)
फरीदाबाद(अनिल राठी): सावन के पवित्र महीने की शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा को लेकर फरीदाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे शहर में सुरक्षा का कड़ा घेरा तैयार किया गया है ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में 25 विशेष पुलिस नाके बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीमों को भी मैदान में उतारा गया है, जो संदिग्ध गतिविधियों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर रखेंगी।

पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा निकालने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़िए यात्रा के दौरान बेसबॉल बैट, डंडे या किसी भी प्रकार के हथियारों का इस्तेमाल न करें। यात्रा के दौरान किसी भी तरह का हुड़दंग या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नियम तोड़ने वालों और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान आम जनता और श्रद्धालुओं को आवाजाही में कोई परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी रूट प्लान तैयार किया है। दुर्गा बिल्डर इलाके से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सीकरी तक यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि जाम की स्थिति न बने।