(VIDEO) समोसे में 20 मिनट की देरी पड़ी भारी; ग्राहक ने साथियों संग रेस्टोरेंट पहुंचकर की मारपीट...CCTV में कैद हुआ बवाल

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 11:21 AM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी के नारनौल नेशनल हाईवे-11 स्थित कुंड बैरियर के पास न्यू बीकानेरी रेस्टोरेंट में समोसे का ऑर्डर तैयार होने में देरी को लेकर ग्राहक और रेस्टोरेंट संचालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि ग्राहक ने अपने साथियों को बुलाकर रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी की। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। 

गुरुग्राम जिले के तलपुरी गांव निवासी रेस्टोरेंट संचालक जतिन (28) ने बताया कि वह कुंड बैरियर के पास न्यू बीकानेरी रेस्टोरेंट चलाते हैं। 6 सितंबर की शाम करीब 5 बजे एक व्यक्ति रेस्टोरेंट में समोसे का ऑर्डर देने आया था। रेस्टोरेंट में उस समय ग्राहकों की भीड़ अधिक होने के कारण उसे ऑर्डर तैयार होने में कुछ समय लगने की बात कही गई। 

जतिन के छोटे भाई अमन ने ग्राहक को होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी, लेकिन इसके बावजूद समोसे पैक करने की बात कही गई। जतिन के अनुसार करीब 20 मिनट बाद ग्राहक दोबारा रेस्टोरेंट पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा। बहस के बाद वह वहां से चला गया। 

आरोप है कि रात करीब 8 बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ दोबारा रेस्टोरेंट पहुंचा और अमन के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। जतिन ने बताया कि कुछ देर बाद वह भी रेस्टोरेंट पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। मारपीट में जतिन और उसका भाई अमन घायल हो गए, जिन्हें रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मारपीट के बाद रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ का आरोप
संचालक का आरोप है कि मारपीट करने के बाद युवकों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी की। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में मारपीट और तोड़फोड़ की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद संचालक ने पुलिस को सूचना देकर शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जतिन का आरोप है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static