रेवाड़ी में BJP नेता के भतीजे की Murder से सनसनी ,दोस्तों के संग गया, फिर घर नहीं लौटा...CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 08:48 AM (IST)
रेवाड़ी(महेंद्र भारती): रेवाड़ी में भाजपा नेता के भतीजे की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बावल रोड स्थित एचपी तेल डिपो के पास एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान कमालपुर निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम बावल रोड पर एचपी तेल डिपो के पास लोगों ने युवक का शव पड़ा देखा। शव खून से लथपथ था। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जितेंद्र गढ़ी बोलनी मंडल के पूर्व अध्यक्ष उत्तम यादव का भतीजा बताया जा रहा है। हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के साथ सोमवार को मौजूद रहे दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।