8 दिन पहले मनाया था जन्मदिन, डिप्रेशन में 25 साल की उदिता ने दे दी अपनी जान...मानसिक तनाव का खौफनाक अंत
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 04:03 PM (IST)
सोनीपत(सन्नी मलिक): सोनीपत के सेक्टर-10 स्थित रेलवे हाईराइज सोसायटी में एक युवती ने सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। परिजन युवती को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सेक्टर-27 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवती मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है और उनका दिल्ली से उपचार चल रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से महाराष्ट्र निवासी अजय पाटिल रेलवे से सेवानिवृत्त हैं। वह अपने परिवार सहित रेलवे हाईराइज सोसाइटी सेक्टर-10 में सातवीं मंजिल फ्लैट पर रहते हैं। शुक्रवार तीसरे पहर उनकी छोटी बेटी उदिता (25) ने सातवीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद वह बालकनी में पहुंची और रेलिंग पार कर नीचे छलांग लगा दी। मामले का पता लगते ही हड़कंप मच गया। परिवार के सदस्य बेटी को लेकर अस्पताल में पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार उदिता काफी समय से मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थी और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। वह नियमित रूप से दवा भी ले रही थी। परिवार का कहना है कि घटना से एक दिन पहले उसने बताया था कि उनके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं। इसके बाद परिजनों ने उसे समझाने और मानसिक रूप से संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह यह कदम उठा बैठी।
परिजनों ने बताया कि 12वीं कक्षा तक पढ़ी उदिता ने 17 जुलाई को अपना 25वां जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ परिवार के बीच मनाया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा। बेटी ने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। पढ़ाई के दौरान ही उन्हें बेटी के मानसिक रूप से परेशान होने का पता लगा था। जिसके बाद से ही उपचार कराया जा रहा है।सातवीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली उदिता तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उनकी एक बड़ी बहन है और दूसरी जुड़वा बहन के बाद उनका जन्म हुआ था। परिवार इस घटना से पूरी तरह स्तब्ध है।
युवती ने सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। उनके पिता ने बताया है कि वह मानसिक रूप से परेशान थी। कई साल से उनका उपचार चल रहा था। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस परिजनों के बयान समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।