50 गांवों के 250 युवा शहीदी दिवस पर हुसैनीवाला में करेंगे नमन : वेद फुलां

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 07:39 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरकोफेड चेयरमैन वेद फुलां ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 मार्च शहीदी दिवस के अवसर पर फतेहाबाद जिले के 50 गांवों से 250 से अधिक युवा अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की पावन स्मृति में हुसैनीवाला स्थित उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

उन्होंने बताया कि सतलुज नदी के किनारे स्थित इस ऐतिहासिक स्थल पर आयोजित “युवा जागृति यात्रा” का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना तथा शहीदों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता जागृत करना है। यह यात्रा युवाओं को यह संदेश देगी कि आज़ादी हमें बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है और हमें इसे सहेजते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

वेद फुलां ने कहा कि इस यात्रा में 20 से 35 वर्ष तक के युवा भाग ले सकते हैं, जिसके लिए ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण किया जा रहा है। अब तक सैकड़ों युवा इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार “बुजुर्ग यात्रा” को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह देखा गया, उसी प्रकार “युवा जागृति यात्रा” को लेकर युवाओं में भी अभूतपूर्व उत्साह है।

उन्होंने आगे कहा कि यह यात्रा अपने आप में एक अनूठी पहल होगी, जिसमें युवा न केवल शहीदों को नमन करेंगे, बल्कि नशामुक्ति, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा के प्रति संकल्प भी लेंगे। यह प्रयास आने वाले समय में समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। वेद फुलां ने बताया कि यह यात्रा 23 मार्च को सुबह 6 बजे भट्टू, फतेहाबाद और रतिया से बसों के माध्यम से रवाना होगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static