Haryana: इन 6 जिलों में खुलेंगे 26 नए आयुर्वेदिक औषधालय, सरकार खर्च करेगी 15.70 करोड़...

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 10:52 AM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार राज्य के छह जिलों में लगभग 15.70 करोड़ रुपये अनुमानित लागत से 26 नए सरकारी आयुर्वेदिक औषधालयों का निर्माण करेगी। इस पहल का उद्देश्य राज्य में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पारंपरिक चिकित्सा सुविधाएं सुलभकराना है।

यह जानकारी स्वास्थ्य तथा आयुष विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि ये औषधालय यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, करनाल और गुरुग्राम जिलों में बनाए जाएंगे। इनमें सबसे अधिक 10 औषधालय यमुनानगर जिले के विभिन्न गांवों में स्थापित होंगे जिनमें भांगेरा, ताजेवाला, खुर्दबन, तलकौर, महियुद्दीनपुर, दारपुर, ढाकवाला, दादुपुर हेड, दमोली और लेड़ा खादर शामिल हैं।

प्रत्येक औषधालय की अनुमानित लागत 59.17 लाख रुपये होगी। महेंद्रगढ़ के छह गांवों गुढ़ा, बावनिया, रसूलपुर, बुचावास, सुरजनवास और रामबास में औषधालय बनाए जाएंगे जिनकी लागत लगभग 64.50 लाख रुपये प्रति यूनिट होगी। रेवाड़ी के रोहराई, झाबुआ, जयसिंहपुर खेड़ा और करावरा मानकपुर में चार औषधालय व लीसान गांव में एक औषधालय स्थापित किया जाएगा।

कुरुक्षेत्र के अजराना कलां, कलसा और मोहरी गांवों में तीन औषधालय बनाए जाएंगे जबकि करनाल के फफड़ाना गांव में एक औषधालय का निर्माण होगा। गुरुग्राम के सहजावास गांव में भी एक नया औषधालय स्थापित किया जाएगा।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि सभी औषधालयों के निर्माण के लिए लागत अनुमान विकास एवं पंचायत विभाग से प्राप्त हो चुके हैं। परियोजना को पंचायती राज विभाग के तालमेल के माध्यम से पूरा कराया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static