Heatwave in Haryana: राजस्थान से भी ज्यादा आग उगल रहा हरियाणा का मौसम, इस दिन से बदलेगा मिजाज
punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 08:06 AM (IST)
हरियाणा डेस्क: हरियाणा में दो दिन पहले नौतपा शुरु हो गया है। प्रदेश में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के मामले में हरियाणा ने राजस्थान को भी पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान से आने वाली गर्म दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदेश का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। सिरसा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 29 मई से 1 जून तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। आज 27 मई को पूरे राज्य में लू का ऑरेंज अलर्ट है। 28 मई को भी दोपहर तक लू चलेगी। शाम को मौसम में बदलाव हो सकता है। राज्य के अधिकांश जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। जबकि सिरसा, हिसार, रोहतक, भिवानी और महेंद्रगढ़ सहित लगभग पूरे हरियाणा में भीषण लू से अत्यधिक भीषण लू का प्रकोप जारी रहेगा। कल अधिकांश हिस्सों अंबाला, करनाल, जींद, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद में अंधड़ और 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 29 मई की बात करें तो रात से 1 जून के दौरान हरियाणा राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने और बीच-बीच में धूल भरी हवाएं चलने व कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)