10वीं हिंदी के पेपर में नकल के 3 मामले, एक केंद्र पर पकड़ा गया ''मुन्नाभाई''...पर्यवेक्षक सस्पेंड

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 10:33 AM (IST)

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा में नकल के तीन मामले सामने आए जबकि एक केंद्र पर दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहे फर्जी अभ्यर्थी को पकड़ा गया। बोर्ड ने मामले में प्रतिरूपण का मामला दर्ज किया है। वहीं परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक पर्यवेक्षक को कार्यभार से मुक्त कर दिया गया।

बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि मंगलवार को आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा में प्रदेशभर के 25 परीक्षा केंद्रों पर 3612 परीक्षार्थी शामिल हुए। बोर्ड के उड़नदस्तों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। भिवानी के परीक्षा केंद्रों के साथ फतेहाबाद और हिसार के केंद्रों पर भी जांच की गई जहां नकल के तीन मामले दर्ज किए गए।

उन्होंने बताया कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद-7 (बी-1) परीक्षा केंद्र पर नियुक्त पर्यवेक्षक अंजु रानी को संबंधित विषय की प्रवक्ता होने के कारण कार्यभार से मुक्त किया गया। बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा के उड़नदस्ते ने भिवानी और चरखी दादरी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जहां परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित पाई गई। 15 जुलाई को सेकेंडरी की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित होगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static