15 करोड़ की कोकीन के साथ 3 विदेशी गिरफ्तार, बिना पासपोर्ट-वीजा के रह रहे थे भारत में...9 अन्य विदेशी पुलिस रडार पर
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 07:25 PM (IST)
फरीदाबाद(अनिल राठी): ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दिल्ली बॉर्डर से सटे लक्कड़पुर इलाके में छापेमारी कर तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 15 करोड़ रुपये कीमत की कोकीन बरामद की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नाइजीरिया और कैमरून के निवासी शामिल हैं। जांच में सामने आया कि ये आरोपी साल 2018 में भारत आए थे और पिछले 3 सालों से फरीदाबाद के लक्कड़पुर इलाके में किराए पर रहकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर दबिश देकर इन्हें रंगे हाथों धर दबोचा।
छोटी-छोटी पैकेट्स में दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई
एसीपी क्राइम (ACP Crime) अमन यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी कोकीन की छोटी-छोटी पुड़िया (पैकिंग) बनाकर दिल्ली और आसपास के NCR इलाकों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगना और माल की आपूर्ति (सप्लाई चेन) के स्रोतों का पता लगाया जा सके।
पासपोर्ट-वीजा गायब, 9 अन्य संदिग्धों की तलाश
पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के पास से भारत में रहने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज (पासपोर्ट या वीजा) नहीं मिला है, जिससे स्पष्ट है कि वे अवैध रूप से भारत में टिके हुए थे। इस कार्रवाई के बाद जब आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी ली गई, तो 9 अन्य विदेशी नागरिकों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस फिलहाल उनके आपराधिक रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।