लॉरेंस गैंग के 3 शूटर हरिद्वार से अरेस्ट, कारोबारी से मांगी थी 2 करोड़ की रंगदारी..सभी आरीपी हरियाणा के
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 12:42 PM (IST)
रोहतक: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटरों को सीआईए-1 टीम ने हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक रोहतक, दूसरा सोनीपत और तीसरा झज्जर जिले का रहने वाला है। तीनों पर आरोप है कि उन्होंने चार दिन पहले पुणे के एक फर्नीचर कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के बाद उसके शोरूम पर फायरिंग की थी।
महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने घटना के बाद रोहतक पुलिस को सूचना दी थी कि गैंग के सदस्यों ने एक फर्नीचर व्यापारी को फोन कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद 16 मई को तीन युवकों ने कारोबारी के फर्नीचर हाउस पर फायरिंग कर दी। मामले में पुणे के रावेत थाना में एफआईआर दर्ज की गई।
जांच के दौरान पता चला कि फायरिंग करने वाले युवक रोहतक और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। एएसआई विनोद दलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना के आधार पर हरिद्वार के एक गेस्ट हाउस में दबिश देकर झज्जर जिले के गांव छज्जन निवासी प्रवीण, रोहतक के गांव ककराना निवासी पंकज व सोनीपत के गांव भैंसवाल निवासी सागर को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुणे पुलिस हरिद्वार पहुंची और आरोपियों को अपने साथ ले गई।