भिवानी में भयानक हादसे ने छीना 2 बच्चों के सिर से मां का साया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 03:28 PM (IST)
भिवानी : हरियाणा के भिवानी से दिल को झकझोर कर रख देने वाली घटना की खबर सामने आई है। यहां एक भयानक सड़क हादसे ने दो बच्चों के सिर से उनकी मां का साया छीन लिया। सर्कुलर रोड स्थित हनुमान गेट के पास कार और ई-रिक्शा की टक्कर से एक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पतराम गेट क्षेत्र निवासी निशा के रूप में हुई है। वीरवार देर शाम निशा किसी काम से ई-रिक्शा में सवार होकर जा रही थीं। इस दौरान रास्ते में सामने से आ रही एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। वहीं इस हादसे में निशा को गंंभीर चोटें आई। आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं इस घटना से परिवार में मातम पसर गया। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है।