वारदात के एक घंटे के भीतर 5 आरोपी गिरफ्तार; बाबा राजपुरी डेरे में साधु की हत्या मामले में कैथल पुलिस का बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 07:31 PM (IST)


कैथल (जयपाल रसूलपुर): गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में एक साधु की हत्या के मामले में कैथल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज एक घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर एसएचओ एसआई कुलदीप सिंह, सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह तथा एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में एक साधु मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना सदर की टीम के साथ सीआईए तथा एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। 

पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए प्रारंभिक जांच शुरू की गई तथा डेरे में मौजूद कुछ साधुओं को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया। बाबा लदाना सरपंच गुरनाम की शिकायत पर थाना सदर में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान शिव शंकर पुरी उर्फ राकेश के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक साधु करीब 2 महीने पहले उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद से बाबा राजपुरी डेरे में आया था और वर्तमान में डेरे के मुख्य महंत दूजपुरी के पास रह रहा था। 

पुलिस जांच के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक शिव शंकर पुरी, महंत दूजपुरी के कक्ष में जाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा शिव शंकर पुरी को बांधकर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की आगामी जांच थाना सदर के एसएचओ एसआई कुलदीप सिंह द्वारा की जा रही है। 

पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए वारदात के करीब एक घंटे के भीतर मामले में संलिप्त 5 आरोपियों को पुलिस हिरासत में लिया गया। जिनमें महंत दूजपुरी, चेला लवकेश पुरी, बाबा लदाना निवासी होशियार सिंह, रजत तथा रवि उर्फ भोला शामिल है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)              


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static